गृहमंत्री ने दिल्ली में की हाईलेवल सुरक्षा बैठक, आतंकवाद समेत कई मुद्दों पर चर्चा
नई दिल्ली, 3 जनवरी: देश को रोजाना नई-नई सुरक्षा चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। पहले जहां देश को सिर्फ पड़ोसी देशों से ही खतरा रहता था, तो वहीं अब आतंरिक स्तर पर भी बहुत से नए खतरे खड़े हो गए हैं। इन सब मुद्दों को देखते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने सोमवार को एक उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक की। जिसमें देश में मौजूदा खतरे और उभरती सुरक्षा चुनौतियों की समीक्षा की गई।

बैठक में केंद्रीय खुफिया एजेंसियों, सीएपीएफ, सशस्त्र बलों के खुफिया विंग, राजस्व और वित्तीय खुफिया एजेंसियों के प्रमुखों आदि ने हिस्सा लिया। इसके अलावा राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों के डीजीपी भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक में शामिल हुए। गृह मंत्रालय के मुताबिक बैठक में आतंकवाद और वैश्विक आतंकी समूहों, ड्रग्स, संगठित अपराध, आतंकवादी गठजोड़, साइबर स्पेस के अवैध उपयोग आदि मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान गृहमंत्री ने केंद्रीय और राज्य सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय और तालमेल की आवश्यकता पर जोर दिया।
लुधियाना में हुआ था ब्लास्ट
आपको बता दें कि जल्द ही यूपी, उत्तराखंड, पंजाब समेत 5 राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। वहां पर भी अराजक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेंगे। इसके अलावा पंजाब में भी कई आतंकी संगठन सक्रिय नजर आ रहे। अभी कुछ दिनों पहले ही पंजाब के लुधियाना जिला कोर्ट में एक शक्तिशाली ब्लास्ट हुआ था। जिसके पीछे खालिस्तानी आतंकियों का हाथ बताया जा रहा है। इसके अलावा नक्सलवाद की समस्या कई राज्यों में है। ऐसे में गृहमंत्री की ये बैठक बहुत अहम मानी जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications