IndiGo flight: इंडिगो फ्लाइट में बम की झूठी धमकी से मचा हड़कंप, कनाडाई नागरिक हिरासत में
IndiGo flight Hoax Bomb Threat: वाराणसी एयरपोर्ट पर शनिवार रात उस समय अफरातफरी मच गई जब बेंगलुरु जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट में सवार एक कनाडाई नागरिक ने कथित तौर पर दावा किया कि उसके पास बम है। कनाडाई नागरिक के इस दावे के बाद यात्रियों के बीच भय की स्थिति पैदा हो गई।
हालांकि जांच के बाद यह धमकी झूठी पाई गई और संबंधित यात्री को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। हिरासत में लिए गए कनाडाई नागरिक से पूछताछ की जा रही है। एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि जैसे ही इंडिगो क्रू को यात्री के इस बयान की जानकारी मिली, उन्होंने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को सतर्क किया।

विमान को आइसोलेशन बे में ले जाकर सुरक्षा एजेंसियों द्वारा गहन जांच की गई। जांच में किसी तरह का विस्फोटक बरामद नहीं हुआ। गोमती जोन के डीसीपी आकाश पटेल ने बताया कि आरोपी यात्री की पहचान कनाडा निवासी निशांत के रूप में हुई है, जिसने पूछताछ में यह स्वीकार किया कि उसने जानबूझकर झूठी जानकारी दी थी, जिससे उड़ान संचालन में बाधा आई।
उसके खिलाफ उचित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और कनाडाई उच्चायोग को भी सूचित किया गया है। सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद विमान को बेंगलुरु के लिए रवाना कर दिया गया।
तिरुवनंतपुरम एयरपोर्ट को भी मिली थी बम की धमकी
वहीं, रविवार को केरल के तिरुवनंतपुरम अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को भी ईमेल के माध्यम से बम धमकी मिली। यह धमकी राजधानी के कई होटलों को इसी तरह की धमकियों के मिलने के बाद सामने आई। एयरपोर्ट प्रशासन ने तुरंत बम निरोधक दस्ते को तैनात किया और सभी टर्मिनलों की गहन जांच शुरू की गई।
नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने हाल ही में संसद को जानकारी दी थी कि 2024 में अब तक देश में कुल 728 फर्जी बम धमकियों की घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिनमें 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
बीसीएएस के आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक धमकियां इंडिगो को मिलीं (216), इसके बाद एयर इंडिया (179), विस्तारा (153), अकासा एयर (72), स्पाइसजेट (35), एलायंस एयर (26), एयर इंडिया एक्सप्रेस (19) और स्टार एयर (5) को।
मंत्री ने कहा कि ऐसी घटनाओं से निपटने के लिए नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो ने सभी एयरलाइंस और एयरपोर्ट ऑपरेटरों को विशेष सुरक्षा निर्देश जारी किए हैं ताकि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।












Click it and Unblock the Notifications