देश के 6 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, हिमाचल में हुई बर्फबारी से बढ़ी ठंड, सामने आई तस्वीर
नई दिल्ली। भारतीय मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में देश के कई राज्यों में भारी बारिश की आशंका व्यक्त की है, विभाग ने कहा है कि आज और कल असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में भारी बारिश हो सकती है तो कई जगहों पर बिजली कड़कने और तेज हवा चलने के भी आसार हैं, इसलिए इन राज्यों में IMD ने हाई अलर्ट जारी किया है।
Recommended Video

6 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
तो वहीं इससे पहले विभाग ने कर्नाटक के चिकमगलूरु, कोडागु और हसन जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की आशंका व्यक्त की थी, इन जगहों में रविवार रात में तेज बारिश भी हुई है, जिसकी वजह से तापमान में कमी आई है।

हिमाचल में हुई बर्फबारी
जहां देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है वहीं देश के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की खबर है, आपको बता दें कि हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्पीति के जिंगजिंग बार और बारालाचा पास में अच्छी खासी बर्फबारी हुई है, केलॉन्ग इलाके में तो 8 इंच तक बर्फबारी हुई है, पहाड़ों पर हुई बर्फबारी की तस्वीरें इस वक्त सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय भी बनी हुई हैं, बर्फ गिरने के कारण तापमान में कमी आई है और सर्दी बढ़ी है, विभाग ने कहा है कि आने वाले दिनों में भी मौसम का यही हाल रहने वाला है जिसके कारण लोगों को ठंड का सामना करना पड़ेगा और पारा और भी लुढ़केगा।

दिल्ली में छाई धुंध की चादर
वैसे आपको बता दें कि देश के कई राज्यों में सर्दी ने दस्तक दे दी है, दो दिन पहले कश्मीर के गुलमर्ग, राजौरी और ऊंचाई पर स्थित अन्य स्थानों पर बर्फबारी हुई जिसके बाद घाटी में तापमान गिर गया,जिसके कारण मौसम सर्द और सुहाना हो गया है तो वहीं दिल्ली की आबोहवा काफी प्रदूषित है। सोमवार सुबह भी यहां धुंध की सफेद चादर छाई हुई और हवा की क्वालिटी काफी खराब दर्ज की गई है, आज आईटीओ इलाके में AQI 302 है जबकि सोनिया विहार में AQI 362, बवाना में AQI 345, पटपड़गंज में AQI 326 और जहांगीरपुरी में AQI 373 दर्ज किया गया है जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है।

स्काईमेट ने भी दी चेतावनी
स्काईमेट ने कहा है कि बंगाल की खाड़ी पर एक डिप्रेशन बन गया है। जिसकी वजह से अगले 24 घंटों के दौरान मिजोरम और त्रिपुरा में कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है तो वहीं मणिपुर और नागालैंड में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि जम्मू और कश्मीर, तटीय कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।












Click it and Unblock the Notifications