हेमा मालिनी सड़क हादसा: मां को नहीं मालूम कि उसकी बेटी अब नहीं रही
जयपुर। गुरूवार रात को हुए भीषण सड़क हादसे की शिकार हेमामालिनी के लिए जहां लोग दुआएं मांग रहे हैं वहीं दूसरी ओर इस हादसे में मारी गई दो साल की बच्ची की मां को अभी तक यह पता ही नहीं है कि उनकी नन्हीं परी अब इस दुनिया में नहीं है। आल्टो में बैठी मां शिखा अपने परिवार के साथ जयपुर से वापस लौट रही थीं कि तभी यह हादसा हो गया।
शिखा चोट लगने के कारण बेहोश हो गई थीं और उन्हें होश दौसा के अस्पताल में आया लेकिन तब तक उनकी दुनिया में क्या-क्या हो चुका था, इस बारे में अभी उन्हें पता नहीं है। घरवालों ने अभी उनसे उनकी बेटी की मौत की बात छुपायी है तो वहीं उनके पांच साल के बेटे की भी हालत गंभीर है।
वैसे हादसे की शिकार हेमामालिनी के नाक, कमर पर चोट आयी है और उनकी एक छोटी सी सर्जरी भी हुई है, उन्हें अब 6 हफ्ते तक आराम करना होगा। मालूम हो कि गुरूवार रात को जब मेंहदी बालाजी का दर्शन करके हेमामालिनी दिल्ली लौट रही थीं तो हाइवे पर उनकी मर्सिडीज गलत दिशा से आ रही आल्टो कार से जा टकराई।
इस हादसे में एक दो साल की बच्ची की मौत हो गई और एक पांच साल के बच्चे की हालत अभी नाजुक है। चश्मदीद डॉक्टर की मदद से घायलों को दौसा के अस्पताल में भर्ती कराया गया और दौसा के विधायक हेमामालिनी को लेकर सीधे जयपुर के फोर्टिस अस्पताल पहुंचे जहां हेमा का इलाज हो रहा है।













Click it and Unblock the Notifications