गुजरात में बारिश से 19 की मौत, अगले 48 घंटे में भारी बारिश की चेतावनी
नई दिल्ली। गुजरात में बारिश के चलते बीते एक सप्ताह में कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई हैं। वहीं पानी में फंसे एक हजार से ज्यादा लोगों को राहत बलों ने बचाकर दूसरे सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। 84 पालतू पशुओं की भी जान बारिश के चलते गई है। दक्षिण गुजरात के नवसारी और वलसाड़ में बारिश ने सबसे ज्यादा तबाही मचाई है। यहां जनजीवन पूरी तरह पटरी से उतरा हुआ है। सूरत में भी कई हिस्सों में पानी भरा हुआ है, जिससे आम जनजीवन पर असर पड़ा है। मौस विभाग ने राज्य के ज्यादातर हिस्सों में अगले 48 घंटे में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

नवसारी में दो दर्जन गांवों को अलर्ट पर रखा गया है। सौराष्ट्र एरिया में भी लगातार बारिश हो रही है। गिर सोमनाथ और भावनगर में लगातार बारिश है। बहुत से गावों में बारिश के चलते बिजली नहीं है। एनडीआरएफ की 15 टीमें बचाव और राहत के काम में जुटी हुई हैं। इनमें चार टीम दक्षिण गुजरात में चार वडोदरा में, तीन गांधीनगर में और अमरेली, जामनगर, पालनपुर, महिसागर में एक-एक टीम भेजी गई है।

राज्य आपात स्थिति नियंत्रण कक्ष के मुताबिक, सौराष्ट्र क्षेत्र के कई इलाकों, वलसाड और नवसारी जिलों में गुरुवार सुबह से ही मूसलाधार बारिश से सड़कों पर पानी भर गया है और नदियां उफान पर चल रही हैं। सरकारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि मूसलाधार बारिश के कारण दक्षिण और मध्य गुजरात में एक राष्ट्रीय राजमार्ग और तीन राजमार्गों समेत 197 सड़कों को यातायात के लिए बंद किया गया है।













Click it and Unblock the Notifications