भारी बारिश से उत्तराखंड में 6 लोगों की मौत, रोकी गई केदारनाथ यात्रा
उत्तराखंड में गंगा समेत कई बड़ी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बारिश के चलते पानी भरने से देहरादून-नई दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग भी बंद हो गया है।
नई दिल्ली। देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रही भारी बारिश ने कोहराम मचा दिया है। बुधवार को उत्तराखंड में देहरादून समेत कई इलाकों में हुई भारी बारिश से 6 लोगों की मौत हो गई। बारिश से बेकाबू हुए हालात को देखते हुए केदारनाथ यात्रा अस्थाई तौर पर रोक दी गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। उत्तराखंड में गंगा समेत कई बड़ी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बारिश के चलते पानी भरने से देहरादून-नई दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग भी बंद हो गया है।

आपदा निवारण और प्रबंधन केंद्र के अधिकारी पीयूष रौतेला के मुताबिक तीन लोगों की मौत मसूरी के पास हुई है, जबकि एक व्यक्ति का शव देहरादून में रिस्पाना नदी के पास मिला। वहीं, टिहरी और पिथौरागढ़ में भारी बारिश के चलते दो मजदूरों की मौत हुई। हरिद्वार में भी प्रशासन अलर्ट पर है और एनडीआरएफ की टीम से बारिश प्रभावित इलाकों में तैयार रहने को कहा है। नैनीताल में भी चट्टान खिसकने से कई सड़कें बंद हो गई हैं।
दूसरी तरफ, पूर्वोत्तर के इलाकों में भी बारिश का कहर जारी है। असम के अलग-अलग हिस्सों में हुई भारी बारिश से 5 लोगों की मौत हो गई। राज्य में बाढ़ से हालात काफी खराब हो गए हैं। बाढ़ के चलते 24 जिलों के करीब 17.2 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। काजीरंगा नेशनल पार्क में बाढ़ के कारण जानवरों की भी जान पर बन आई है।












Click it and Unblock the Notifications