Weather Updates: अगले कुछ घंटों में कई राज्यों में भारी बारिश की आशंका, जानिए दिल्ली का हाल
नई दिल्ली, 22 अगस्त। देश के कई राज्यों में इस वक्त जमकर बारिश हो रही है। भारतीय मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि अगले कुछ घंटों के दौरान कई प्रांतों में जमकर बारिश हो सकती है। आईएमडी के ट्विटर के मुताबिक अगले कुछ घंटों के दौरान कुरुक्षेत्र, कैथल, नरवाना, करनाल, राजौंद, असंध, सफीदों, शामली, कांधला, भद्रा, सिद्धमुख, सादुलपुर, पिलानी, कोटपुतली, अलवर, राजगढ़ में भारी बारिश के आसार नजर आ रहे हैं इसलिए विभाग ने यहां अलर्ट जारी किया है।

23 अगस्त से होगी भारी बारिश
विभाग के मुताबिक मानसून ट्रफ का पश्चिमी छोर 23 अगस्त से धीरे-धीरे उत्तर की ओर शिफ्ट होने की संभावना है। इसी वजह से 23 अगस्त से 25 अगस्त के बीच उत्तर प्रदेश में भारी बारिश के आसार नजर आ रहे हैं। तो वहीं अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी यूपी में जोरदार बारिश की आशंका है। यही नहीं बीते 24 घंटों के दौरान पूर्वी व पश्चिमी यूपी में जमकर मेघ बरसे हैं, जिससे तापमान में कमी आई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
Recommended Video

दिल्ली में बरसेंगे बादल
तो वहीं राजधानी दिल्ली में कल जमकर बादल बरसे थे इसलिए लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है और मौसम खुशनुमा बना हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक मानसून के दिल्ली में सक्रिय होने के कारण सोमवार को भी यहां वर्षा हो सकती है। दिल्ली वालों को अब अगले तीन-चार दिन बारिश से ही दो-चार होना पड़ेगा जिससे लोगों को गर्मी से निजात मिलेगी।

यहां भी होगी बारिश
केवल दिल्ली ही नहीं अगले 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तरी हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और तटीय आंध्र प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में आज भारी बारिश होने की आशंका है। तो वहीं अगले कुछ घंटों के अंदर महाराष्ट्र, विदर्भ, तेलंगाना के पूर्वी हिस्से, ओडिशा में तेज आवाज के साथ हल्की बारिश होने की आशंका है।

स्काईमेट ने भी दी चेतावनी
स्काईमेट ने कहा है कि अगले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड,छत्तीसगढ़, पंजाब,हरियाणा , जम्मू कश्मीर, राजस्थान के पूर्वी हिस्से, मध्य प्रदेश, गोवा, महाराष्ट्र, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गुजरात, यूपी,बिहार में जोरदार बारिश के आसार हैं। तो वहीं कल से कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश के रायलसीमा क्षेत्र मेंजमकर मेघ बरसने के आसार है।












Click it and Unblock the Notifications