Festival Season पर कोरोना का साया, संक्रमण दर बढ़ी, केंद्र सरकार ने इन सात राज्यों को किया अलर्ट
कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को लेकर चिंता गहरा रही है। बढ़ते कोविड -19 केस पर केंद्र सरकार ने दिल्ली, केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र, ओडिशा, तमिलनाडु और तेलंगाना को आगाह किया है। health ministry on alarming corona rate
नई दिल्ली, 06 अगस्त : कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को लेकर चिंता गहरा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बढ़ते कोरोना केस को लेकर चिंता जताई है। सात राज्यों में कोरोना पॉजिटिविटी रेट 10 परसेंट से अधिक है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सातों राज्यों के स्वास्थ्य सचिवों को पत्र लिखकर एहतियाती उपाय अपनाने के निर्देश दिए हैं। देश में बढ़ते कोविड -19 केस पर केंद्र सरकार ने दिल्ली, केरल, कर्नाटक, महाराष्ट्र, ओडिशा, तमिलनाडु और तेलंगाना को आगाह किया है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने इन राज्यों के स्वास्थ्य सचिवों को पत्र लिखकर चिंता व्यक्त की है। इन राज्यों में कोरोना की साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट 10 प्रतिशत से अधिक है।

त्योहार के कारण चिंता गहराई
हालात की गंभीरता को भांपते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने चेतावनी जारी की और कहा, आने वाले महीनों में विभिन्न उत्सवों के दौरान सामूहिक समारोह आयोजित होने की संभावना है। ऐसी पब्लिक गैदरिंग के दौरान संक्रामक वायरस कोरोना का प्रसार तेजी से बढ़ सकता है, जो घातक साबित होगा।

राज्यों में कोरोना रोकने को ये उपाय जरूरी
राजेश भूषण ने टीकाकरण की गति बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोविड-19 की रोकथाम के लिए सुझाए गए व्यवहार का पालन और पांच सूत्री रणनीति का पालन कर कोरोना का प्रसार रोकने की दिशा में गंभीरता से काम होना चाहिए। पांच सूत्री रणनीति के तहत कोरोना संक्रमण की जांच तेज करना, कोरोना संक्रमित पाए जाने पर आइसोलेशन, संपर्क में आए कम से कम 30 लोगों को 72 घंटों के भीतर आइसोलेट करना, अस्पतालों और कोविड सेंटर पर पर्याप्त इंतजाम जिससे स्वास्थ्यकर्मियों पर अनावश्यक दवाब न पड़े, भीड़-भाड़ वाली जगहों पर फेस मास्क और शारीरिक दूरी सुनिश्चित करना, जिन राज्यों और जिलों से अधिक कोरोना केस की रिपोर्ट आ रही है, वहां कोरोना वैक्सीन प्राथमिकता के आधार पर टारगेटेड तरीके से करना।

पिछले 24 घंटे में किस राज्य में कितनी मौतें
गौरतलब है कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, भारत में पिछले 24 घंटों में 19,406 कोरोना केस रिपोर्ट किए गए। 49 लोगों की मौत कोरोना संक्रमण के कारण हुई। पिछले 2 घंटे में जिन 49 लोगों की मौत हुई इनमें महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल में पांच-पांच लोगों की मौत हुई है। छत्तीसगढ़ में तीन, दिल्ली, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, राजस्थान और त्रिपुरा में दो-दो और हरियाणा, केरल, मध्य प्रदेश, मेघालय, नगालैंड, ओडिशा, पंजाब, सिक्किम, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में एक-एक व्यक्तियों की मौत कोरोना संक्रमण के कारण हुई है।

571 एक्टिव कोरोना केस कम हुए
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि सक्रिय कोरोना केस कुल मामलों का महज 0.31 प्रतिशत है, जबकि राष्ट्रीय स्तर पर मरीजों के ठीक होने की दर 98.50 प्रतिशत है। पिछले 24 घंटे में 571 एक्टिव कोरोना केस कम हुए है। कोरोना की पॉजिटिविटी रेट चिंताजनक है। दैनिक दर 4.96 प्रतिशत है, जबकि साप्ताहिक कोविड-19 पॉजिटिविटी रेट 4.63 प्रतिशत है। कोरोना संक्रमण से उबर चुके लोगों की संख्या बढ़कर 4,34,65,552 हो गई, जबकि कोरोना से मरने वाले लोगों की दर 1.19 प्रतिशत है।

कौन से त्योहार मनाए जाएंगे
बता दें कि अगस्त का महीना शुरू हो चुका है। सावन के महीने में कांवड़ यात्रा निकाली जाती है। इस दौरान भी बड़ी संख्या में जनभागीदारी होती है। सावन पूर्णिमा के दिन रक्षाबंधन का त्योहार मनाया जाएगा। इसके बाद गणेश चतुर्थी का महोत्सव होगा। अगस्त में ही श्रीकृष्णजन्माष्टमी मनाई जानी है। इसके बाद सितंबर-अक्टूबर-नवंबर में शारदीय नवरात्र यानी दुर्गा पूजा-दशहरा, दीपावली और छठ जैसे पर्व मनाए जाएंगे।

त्योहारों में कोरोना की चिंता क्यों
स्वास्थ्य मामलों के जानकारों की मानें तो त्योहारों के मौकों पर बड़ी संख्या में पब्लिक गैदरिंग और गेटटुगेदर जैसे कार्यक्रम होते हैं, जहां सोशल डिस्टेंसिंग जैसे मानकों का पालन आसान नहीं होता। इसके अलावा शादी और बर्थडे पार्टी के आयोजनों में भी लोग फेस मास्क, सेनिटाइजर और शारीरिक दूरी जैसे एहतियाती उपाय अपनाते नहीं दिखते जिसके कारण कोरोना संक्रमण बढ़ने का खतरा अधिक होता है।












Click it and Unblock the Notifications