कोरोना काल में निस्वार्थ भाव से सेवा करने वाले COVID-19 वारियर्स होंगे सम्मानित, लिस्ट बनाने की तैयारी शुरू
नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन मिश्रा ने गुरुवार को कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में निस्वार्थ भाव से सेवा करने वाले COVID-19 (कोविड-19) योद्धाओं को सम्मानित करने की घोषणा की है। इसके लिए स्वास्थ्य मंत्रालय ने केन्द्रीय पूल एमबीबीएस व बीडीएस सीटों के तहत वर्ष 2020-21 के लिए 'वार्ड ऑफ कोविड-19 वारियर्स' के उम्मीदवारों के चयन और नामांकन के लिए नई श्रेणी को मंजूरी दी है। डॉ हर्षवर्धन के मुताबिक 'वार्ड ऑफ कोविड-19 वारियर्स' कोरोना काल में निस्वार्थ भाव से सेवा करने वाले कोविड-19 वारियर्स को सम्मानित करेगा।

Recommended Video
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने आगे कहा, 'शैक्षणिक वर्ष 2020-21 के लिए कोरोना योद्धाओं के बच्चों के लिए एमबीबीएस में सीटें आरक्षित की गई हैं।' डॉ हर्षवर्धन ने यह भी बताया कि इस श्रेणी में कौन लोग हैं जो कोविड-19 वारियर्स के दायरे में आएंगे। उन्होंने बताया कि कोरोना वॉरियर वो हैं जो अस्पतालों में नर्स और डॉक्टर के तौर पर काम कर रहे हैं साथ ही इस श्रेणी में जमीन पर काम करने वाले आशा वर्कर्स को भी शामिल किया गया है। इन कोरोना योद्धाओं के बच्चों के लिए राष्ट्रीय कोटा में 5 सीट रिजर्व की गई हैं।
इसके अलावा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने लोगों को कोरोना वायरस से बचने के लिए कोविड-19 गाइडलाइन का पालन करने का भी अनुरोध किया है। उन्होंने कहा, आप इस जानलेवा वायरस से छोटी सावधानियों के साथ अच्छी गुणवत्ता वाला मास्क पहनना, सामाजिक दूरी बनाए रखना और हाथ की स्वच्छता का ध्यान रख कर अपनी रक्षा कर सकते हैं।
गौरतलब है कि भारत में कोरोना वायरस का कहर जारी है। स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से गुरुवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटे में कोविड-19 संक्रमण के 45,576 नए केस सामने आए हैं, जबकि 585 लोगों की मौत हुई है। नए केस सामने आने के बाद देश में अबतक कोरोना संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 89,58,484 हो गई है। 585 नई मौतों के बाद कुल मौत की संख्या 1,31,578 हो गई है। 3,502 की कमी के बाद सक्रिय मामले 4,43,303 हैं। वहीं 48,493 नए डिस्चार्ज के बाद कुल ठीक हुए मामलों की संख्या 83,83,603 है।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में बढ़ता कोरोना का प्रकोप, सीएम केजरीवाल ने गुरुवार को बुलाई सभी पार्टियों की बैठक, ले सकते हैं बड़े फैसले












Click it and Unblock the Notifications