ऑफिस में वैक्यूम क्लीनर में सिर फंसने से महिला बुरी तरह घायल, कंपनी ने नहीं की कोई मदद
पुणे। महाराष्ट्र में पुणे के चाकण में एक महिला का सिर वैक्यूम क्लीनर में घुस जाने के बाद से उसके सिर पर 165 टांके लगवाने पड़े। कंपनी में काम करने के दौरान यह हादसा हुआ लेकिन कंपनी ने महिला के इलाज के लिए किसी भी तरह की जिम्मेदारी उठाने से साफ पल्ला झाड़ लिया है। महिला के परिवारवालों ने आरोप लगाया है कि महिला के इलाज के लिए कंपनी ने एक भी पैसे की मदद नहीं की है।

पुणे का चाकण इलाके के उद्योगनगरी के रूप में जाना जाता है, यहां बड़ी-बड़ी कंपनियां हैं। सीमा राठौड़ (उम्र 25) भी चाकण स्थित ओ बी एस जी कंपनी प्रा. लिमिटेड में हेल्पर के रूप में काम करती थी। कुछ दिनों पहले पीड़ित महिला कंपनी में झाडू लगा रही थी कि वहीं पास में रखे वैक्यूम क्लीनर के पंखे की हवा की वजह से सीमा के पूरे बाल वैक्यूम क्लीनर में जाकर बुरी तरह फंस गए। इस वजह से सीमा के सिर पर काफी गहरी चोटें आयीं और सीमा के आधे से ज्यादा बाल वैक्यूम क्लीनर में फंसकर उखड़ गए थे।
जब सीमा वैक्यूम क्लीनर में फंसी थी तब वहां आसपास उसकी मदद के लिए कोई नहीं था। सीमा काफी देर तक खून से लथपथ वैक्यूम क्लीनर में फंसी रही। कंपनी में ही काम करनेवाले सीमा के एक रिश्तेदार ने उसको वैक्यूम क्लीनर में फंसा हुआ देखा तो हैरान रह गए। उन्होंने तुरंत सीमा को वहां से बाहर निकालने के लिए जोर-जोर से चिल्लाकर मदद के लिए कंपनी के मजदूरों को पुकारा। कंपनी में काम करनेवाले बाकी मजदूर घटनास्थल पर भाग कर आए और किसी तरह सीमा का सिर वैक्यूम क्लीनर से बाहर निकाला।

इलाज के लिए सीमा को तुरंत हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। ऑपरेशन करके महिला के सिर पर 165 टांके लगाए गए। पीड़ित महिला के सिर का सिटी स्कैन कराने के लिए परिजन के पास पैसे नहीं होने की वजह से कंपनी के पास आर्थिक मदद के लिए गए पर कंपनी आज-कल करते हुए टालमटोल करने लगी। पैसों की कमी के चलते महिला और महिला के परिजनों को सीटी स्कैन के लिए कंपनी के बार-बार चक्कर लगाना पड़ रहा है।
इलाज के लिए किसी भी तरह की आर्थिक मदद नहीं करने का आरोप सीमा और परिजन द्वारा लगाया गया है। इस संबंध में कंपनी के मैनेजर से फोन द्वारा संपर्क करना चाहा, पर संपर्क नहीं हो सका। थक-हारकर सीमा और उसके परिवार वाले ने कंपनी के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है। कंपनी की लापरवाही के चलते यह हादसा होने की बात पीड़ित सीमा ने मीडिया को बताया है।












Click it and Unblock the Notifications