क्या भारत ने पार कर लिया है कोरोना का पीक? रिकवर हुए मरीजों की संख्या एक्टिव केस से 10 लाख अधिक
नई दिल्ली। भारत में कोरोना वायरस के मामले जून-जुलाई के बीच बहुत तेजी से बढ़े, अगस्त में भी दैनिक वृद्धि के मामले में हमने अमेरिका और ब्राजील को पीछे छोड़ दिया है। लेकिन हाल ही में कोरोना संक्रमितों को लेकर देश के आंकड़े में एक बड़ा बदलाव देखा गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों की मानें तो भारत में कोरोना वायरस से रिकवर हुए मरीजों की संख्या सक्रिय मामलों से 10,42,360 अधिक हो गई है। कोरोना वायरस से अब तक 16,95,982 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि सक्रिय मामलों की संख्या 6,53,622 है।

भारत में सक्रिय कोरोना वायरस मामलों के कम होने के आंकड़ों से पता चलता है कि महामारी का प्रसार देश में अब धीमी गति से होने लगा है। जुलाई के अंतिम सप्ताह की तुलना में अगस्त के पहले सप्ताह में सक्रिय मामलों की संख्या लगभग आधी हो गई है और इसी अवधि में रिकवरी में लगभग 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। वर्तमान में भारत में 6 लाख से अधिक महामारी के एक्टिव केस हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, सिर्फ जुलाई के अंतिम सप्ताह में 1,05,183 एक्टिव केस सामने आए थे। जबकि अगस्त के पहले हफ्ते में यह घटकर 53,985 पर आ गया।
Recommended Video
बता दें कि वर्तमान में देशभर में कोरोना मरीजों की रिकवरी दर 70 फीसदी है। जुलाई के अंतिम सात दिनों में लगभग 2.4 लाख संक्रमित ठीक हुए थे जो अगस्त के पहले सप्ताह में बढ़कर 3.32 लाख हो गए। जानकारी के लिए बता दें कि एक्टिव केस की संख्या यह बताती है कि वर्तमान में कोरोना के कितने मरीज हैं, यह आंकड़ा कुल कोरोना संक्रमितों से रिकवर हुए मरीजों की संख्या और मौत की संख्या को घटाकर निकाला जाता है।
यह भी पढ़ें: झारखंडः कांग्रेस विधायक दीपिका पांडेय कोरोना संक्रमित, प्रदेश में कोरोना के मामले 20 हजार के पार
पीएम मोदी ने इस बात पर दिया जोर
भारत के कुल सक्रिय मामलों में से दो-तिहाई महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश के पांच राज्यों में केंद्रित हैं। भारत के कुल सक्रिय मामलों में लगभग एक चौथाई हिस्सा महाराष्ट्र के संक्रमित मरीजों का है। 11 अगस्त को खुद पीएम मोदी ने कहा था कि देश के 80 प्रतिशत सक्रिय मामले 10 राज्यों के हैं, अगर वायरस इन राज्यों में हार जाता है, तो पूरा देश कोविड -19 के खिलाफ लड़ाई में विजयी होगा। बता दें कि भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के रिकॉर्ड 66,999 मामले सामने आए जिससे संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 23,96,637 हो गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications