Haryana Election Results 2019: गोपाल कांडा से समर्थन पर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ने शाह से पूछे ये सवाल
Haryana Election Results 2019: गोपाल कांडा से समर्थन पर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष ने शाह से पूछे ये सवाल
नई दिल्ली। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुष्मिता देव ने हरियाणा में विधायक गोपाल कांडा से समर्थन को लेकर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को चिट्ठी लिखी है। चिट्ठी में पूर्व सांसद देव ने अमित शाह से गोपाल कांडा की आपराधिक छवि को लेकर शाह से सवाल किए हैं। सुष्मिता ने सवाल किया है कि गोपाल कांडा रेप समेंत कई गंभीर मामलों में जेल में रहे हैं, ऐसे में उनसे समर्थन लेते हुए क्या भाजपा को महिला सुरक्षा को लेकर ख्याल नहीं आ रहा है।

कांग्रेस नेता से पहले भाजपा नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री उमा भारती भी गोपाल कांडा से समर्थन लेने पर सवाल खड़े कर चुकी हैं। उमा भारती ने हरियाणा में सरकार बनाने के लिए निर्दलीय विधायक गोपाल कांडा के साथ आने पर ऐतराज जताते हुए पार्टी आलाकमान से कहा है कि केवल साथ-सुथरे लोगों को ही साथ रखे। हरियाणा में हमारी सरकार बने लेकिन यह तय करिए कि वो गलत छवि के लोग ना हों। उमा भारती ने इसको लेकर कई ट्वीट किए हैं।
गोपाल कांडा अपनी ही कंपनी की महिला कर्मचारी गीतिका शर्मा खुदकुशी केस में आरोपी में हैं और जमानत पर बाहर हैं। उनके खिलाफ कई गंभीर केस चल रहे हैं।
हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के चुनाव नतीजों का गुरुवार को ऐलान किया गया है। किसी पार्टी को सूबे में बहुमत नहीं मिला है। भाजपा 40 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनी है। उसे बहुमत के लिए छह और विधायकों के समर्थन की दरकार है। हरियाणा लोकहित पार्टी से सिरसा से विधायक बने गोपाल कांडा ने भी भाजपा को समर्थन दे दिया है। गोपाल कांडा कुछ और निर्दलीयों के साथ गुरुवार रात ही भाजपा के बडे़ नेताओं से दिल्ली में मिले हैं।












Click it and Unblock the Notifications