हरियाणा के डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला कोरोना पॉजिटिव
चंडीगढ़। हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कोई लक्षण न होने के बाद भी उन्होंने कोरोपा चेक कराया था जो पॉजिटिव आया है। इसके बाद से दुष्यंत ने खुद को एकांतवास में कर लिया है। दुष्यंत ने वीडियो संदेश के जरिए उन सभी लोगों से कोरोना टेस्ट कराने की अपील की है, जो बीते एक सप्ताह में उनके संपर्क में आए हैं। चूंकि, उपमुख्यमंत्री सिरसा में होने के कारण लगातार जनसंपर्क अभियान चलाए हुए थे। लोगों की समस्याओं को भी निरंतर उन्होंने सुना। सोमवार को वह वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए जीएसटी काउंसिल की बैठक में भी शामिल हुए।
Recommended Video

देश में कई केंद्रीय मंत्री, सांसद विधायक, मुख्यमंत्री व उप मुख्यमंत्री कोविड पाए जा चुके हैं। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी कोविड-19 पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। आपको बता दें कि बता दें कि हरियाणा में सोमवार को कोविड-19 के कारण 21 और मरीजों की मौत के बाद महामारी से यहां जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 1,491 हो गई जबकि इस दौरान 1,031 नए मरीज सामने आने से राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,34,909 पहुंच गई। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से जारी एक बुलेटिन में यह जानकारी दी गई।
इसमें कहा गया कि बीते 24 घंटों के दौरान मरने वालों में पांच मरीज अंबाला, चार मरीज जींद, दो-दो मरीज फतेहाबाद, यमुनानगर, करनाल, पानीपत और सोनीपत, जबकि एक-एक मरीज फरीदाबाद और झज्जर से थे। जिन जिलों में संक्रमितों की संख्या में इजाफा देखने को मिला उनमें गुरुग्राम (206) और फरीदाबाद (129) शामिल हैं। राज्य में 11,822 मरीजों का इलाज चल रहा है। प्रदेश में शनिवार को मरीजों के स्वस्थ होने की दर 90.13 प्रतिशत थी।
हरियाणा के सीएम भी हुए थे कोरोना पॉजिटिव
हरियाणा के विधानसभा सत्र से पहले सीएम मनोहर लाल खट्टर भी कोरोना पॉजिटिव हो गए थे। उनके साथ-साथ स्पीकर ज्ञान चंद गुप्ता, परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, अंबाला विधायक असीम गोयल, पानीपत ग्रामीण विधायक महिपाल ढांढा, पूर्व परिवहन मंत्री कृष्ण लाल पंवार समेत कई मंत्री व विधायक कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। हालांकि अब सब स्वस्थ हो चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications