शंकर सिंह वाघेला बोले, पहले सीबीआई को एकजुट करें फिर 'स्टेच्यू ऑफ यूनिटी' की बात करें पीएम मोदी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को सरदार सरोवर नर्मदा बांध के सामने साधू बेट टापू पर बनी दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा 'स्टेच्यू ऑफ यूनिटी' का लोकार्पण करेंगे। जबकि इसको लेकर गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला ने बीजेपी पर आरोप लगाया है कि मार्केटिंग के लिए लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल का इस्तेमाल किया जा रहा है। वाघेला ने कहा कि उन्हें समारोह का आमंत्रण मिला है, लेकिन वे इस समारोह में शामिल नहीं होंगे।

शंकर सिंह वाघेला ने कहा कि जब देश की सबसे प्रतिष्ठित जांच एजेंसी सीबीआई में आंतरिक कलह सामने आई है, आरबीआई को लेकर विवाद सामने आया है तो पीएम मोदी को पहले उन मामलों को सुलझाना चाहिए, उसके बाद स्टेच्यू ऑफ यूनिटी की बात करनी चाहिए। उन्होंने पत्रकारों से कहा, 'किस यूनिटी की बात कर रहे हो आप लोग? पहले सीबीआई और आरबीआई को एकजुट करो, गिरते रुपए को संभालो, तेल की कीमतों को कम करो।'
अगर सरदार पटेल की बात कर रहे हैं तो पहले जेल भेजे गए पाटीदार नेताओं को रिहा कीजिए। शंकर सिंह वाघेला का इशारा हार्दिक पटेल के करीबी अल्पेश कठीरिया की तरफ था जो राजद्रोह के आरोप में जेल में है। वाघेला ने कहा कि सरकार को लोगों के विकास की चिंता करनी चाहिए और किए गए वादे को पूरा करने की चिंता करनी चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications