Video:सिस्टम ने दिया ऐसा दर्द कि शख्स ने अपनी ही बाइक पर पेट्रोल छिड़क आग लगा दी
पणजी। अनवर राजगुरु ने 2009 में बड़े ही शौक से रॉयल इनफील्ड थंडरबर्ड बाइक खरीदी थी। अब इसी बाइक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में बाइक जलती दिख रही है, इसे आग लगाने वाला शख्स कोई और बल्कि खुद अनवर राजगुरु ने ही अपनी बाइक को आग के हवाले कर दिया। ऐसा नहीं था कि बाइक में कोई कमी थी बल्कि बाइक को लेकर चली लंबी कानूनी लड़ाई से अनवर इतने परेशान हो गए कि उन्होंने रॉयल इनफील्ड थंडरबर्ड पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

फर्जी दस्तावेज जमा कराने लगा आरोप
जानकारी के मुताबिक, अनवर राजगुरु ने 19 मार्च 2009 को रॉयल इनफील्ड थंडरबर्ड बाइक खरीदी थी। अनवर पर आरोप था कि उन्होंने बाइक खरीदने के फर्जी दस्तावेज जमा कराए हैं। मामला कोर्ट में गया, जिसके बाद अनवर की बाइक सीज हो गई। कानूनी प्रक्रिया चलती रही और इस तरह से सात साल का लंबा अरसा बीत गया।

अनवर को इश्योरेंस और आरटीओ पेनल्टी भी कोर्ट में भरनी पड़ी
लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद कोर्ट ने माना कि पुलिस ने जो सबूत पेश किए हैं, उससे साबित नहीं होता कि दस्तावेज फर्जी हैं। इसके बाद मामला खत्म हो गया, लेकिन ट्रांसपोर्ट डिपार्टमेंट और पुलिस की लापरवाही के चलते बाइक मिलने कई और महीने बीत गए। इसके बाद मामले में एक और ट्विस्ट आया। अनवर को कोर्ट में इश्योरेंस और आरटीओ की पेनल्टी भी जमा करनी पड़ी।
ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट की बिल्डिंग के सामने लगाई बाइक को आग और सिगरेट पीते निकल गए
7 साल चले केस, पेनल्टी जमा करना और बाइक वापस मिलने में देरी से अनवर इतना झल्ला गए कि उन्हें बाइक को देखकर खीझ आने लगी। अनवर ने थक-हारकर अपनी ही बाइक पर पेट्रोल छिड़का और उसमें आग लगा दी। उन्होंने बाइक को ठीक ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट की बिल्डिंग के सामने आग लगाई। अनवर ने अपनी बाइक का वीडियो भी बनाया और सोशल मीडिया पर डाल दिया। इस वीडियो में अनवर बाइक जलाने के बाद सिगरेट पीते दिख रहे हैं। उन्होंने हेलमेट भी पहना हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications