Delhi Unlock: दिल्ली में आज से खुलेंगे जिम, योग सेंटर, होटल, बैंक्वेट हॉल, 50 फीसदी क्षमता की अनुमति
नई दिल्ली, 28 जून। लंबे इंतजार के बाद आज आखिरकार दिल्ली में जिम, बैंक्वेट हॉल खुलने जा रहे हैं। पिछले चार हफ्तों से दिल्ली में चरणबद्ध तरीके से लॉकडाउन से छूट दी जारही है, ऐसे में आज से जिम, योग सेंटर, होटल आदि में लोगों की भीड़ देखने को मिल सकती है। जिम, होटल, योग सेंटर आदि को 50 फीसदी क्षमता के साथ खोलने की इजाजत दे दी गई है। दिल्ली सरकार ने मैरिज हॉल, बैंक्वेट हॉल, हॉल आदि को भी 50 फीसदी क्षमता के साथ आज से खोलने की इजाजत दी है। दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि जिम, बैंक्वेट हॉल, होटल, योगा संस्थान की यह जिम्मेदारी होगी कि कोविड-19 से जुड़े प्रोटोकॉल को पालन कराएं।

जिम, योग सेंटर में भी 50 फीसदी क्षमता की अनुमति दी गई है। सरकार की ओर से जारी ऑर्डर में कहा गया है कि योग सेंटर और जिम की यह जिम्मेदारी होगी कि वो कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराएं। बता दें कि जिम और बैंक्वेट हॉल दिल्ली में 19 अप्रैल से बंद थे, जिस तरह से दिल्ली में कोरोना की दूसरी लहर ने तबाही मचाई उसे देखते हुए इसे बंद करने का फैसला लिया गया था। हालांकि स्कूल, कॉलेज, शिक्षण संस्थान, सिनेमा, मल्टिप्लेक्स, स्वीमिंग पूल, पार्क आदि को अभी खोलने का फैसला नहीं किया गया है। इन्हें सिर्फ शादी के लिए इस्तेमाल की अनुमति दी गई है।
बता दें कि रेस्टोरेंट को पहले ही 50 फीसदी क्षमता के साथ खोलने की अनुमति दी जा चुकी है। अप्रैल और मई माह में कोरोना के चरम के बाद रविवार को दिल्ली में कोरोना के सिर्फ 89 नए मामले सामने आए हैं, लगातार दूसरे दिन 100 से कम संक्रमण के मामले सामने आए हैं। इससे पहले शनिवार को भी 85 कोरोना के नए मामले सामने आए थे। जोकि 19 अप्रैल के बाद सबसे कम हैं। कोरोना की दूसरी लहर को देखते हुए 19 अप्रैल को दिल्ली सरकार ने प्रदेश में लॉकडाउन का ऐलान किया था।












Click it and Unblock the Notifications