गुरुग्राम के स्कूल संचालक को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से धमकी, तुझे दो दिन में उठा लेंगे
नई दिल्ली, 4 जून: मशहूर पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद चर्चा में आए गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर हरियाणा के एक स्कूल संचालक ने धमकी देने का आरोप लगाया है। गुरुग्राम के फरूखनगर में रहने वाले जयपाल सिंह ने बताया है कि शुक्रवार को उनके फोन पर कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के व्यक्ति का कॉल आया और उसने उनको सोमवार को उठा लेने की धमकी दी।
Recommended Video

भांगरौला स्थित गुरु द्रोणाचार्य स्कूल के संचालक जयपाल सिंह के मुताबिक, शुक्रवार शाम उनके मोबाइल पर एक कॉल आया। फोन उठाते ही दूसरी ओर से शख्स ने कहा कि मैं लॉरेंस बिश्नोई गैंग से बोल रहा हूं और तुझे सोमवार को उठा लिया जाएगा। जयपाल सिंह ने पूछा कि वो कौन हैं और क्यों उनको धमका रहे हैं तो धमकी देने वाले शख्स ने कहा कि सोमवार को तुझे उठाने के बाद बता दूंगा। इसके बाद फोन काट दिया गया। जब जयपाल सिंह की ओर से इस नंबर पर कॉल करने की कोशिश की गई तो फोन नहीं मिल सका।
जयपाल सिंह ने मामले को लेकर फरूखनगर थाने में पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कहा है कि वो मामले की जांच कर रहे हैं। जांच के बाद ही इस पर कुछ कहेंगे।
जेल में बंद है लॉरेंस
लॉरेंस बिश्नोई इस समय तिहाड़ जेल में बंद हैं। पंजाबी सिंगर और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की हत्या में उसका नाम भी सामने आ रहा है। सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में दिल्ली पुलिस की विशेष शाखा लॉरेंस बिश्नोई को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications