राजस्थान में अभी बीजेपी को फ्लोर टेस्ट की जरूरत नहीं, पायलट की PC के बाद करेंगे बैठक- गुलाब चंद कटारिया
नई दिल्ली: राजस्थान में पिछले एक हफ्ते से सियासी ड्रामा जारी है। इस बीच मंगलवार को राजस्थान कांग्रेस ने सचिन पायलट को डिप्टी सीएम और पीसीसी चीफ के पद से हटा दिया। उनके साथ ही दो अन्य मंत्रियों पर भी कार्रवाई की गई है। इस बीच पायलट खेमे ने दावा किया था कि गहलोत सरकार अल्पमत में है। ऐसे में उसे फ्लोर टेस्ट करवाना चाहिए। वहीं फ्लोर टेस्ट की मांग पर बीजेपी का बयान पायलट खेमे से हटकर है।

मामले में राजस्थान बीजेपी के वरिष्ठ नेता और नेता विपक्ष गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि हमें अभी फ्लोर टेस्ट की जरूरत नहीं है। अगर इसकी जरूरत महसूस होती है, तो पार्टी बैठक कर इस पर फैसला लेगी। उन्होंने कहा कि हमने बैठक का वक्त सचिन पायलट की प्रेस कॉन्फ्रेंस के आधार पर तय किया था, लेकिन अभी उसे रद्द कर दिया गया है। वहीं पूर्व सीएम वसुंधरा राजे को शाम तक जयपुर पहुंचने को कहा गया है।
बीजेपी में नहीं जाएंगे पायलट
राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री पद से बर्खास्त किए जाने के बाद सचिन पायलट ने बुधवार को अपनी चुप्पी तोड़ दी है। ANI से बात करते हुए सचिन पायलट ने कहा कि उनके समर्थकों को विकास का मौका भी नहीं मिला, लेकिन कुछ भी कहने से पहले ये बात साफ कर देना चाहता हूं कि मैं भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ज्वॉइन नहीं कर रहा हूं, पिछले पांच साल के दौरान मैंने बीजेपी के खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ी है तो ऐसे में बीजेपी में जाने का सवाल ही नहीं है।
बीजेपी को रोकने के लिए कांग्रेस का नया प्लान!
एक दिन पहले ही सचिन पायलट को डिप्टी सीएम और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से हटाने के बाद कांग्रेस ने उन्हें विधानसभा से अयोग्य घोषित करने की तैयारी शुरू कर दी है। विधानसभा स्पीकर ने सचिन पायलट समेत कांग्रेस के 19 बागी विधायकों को नोटिस भेजकर शुक्रवार तक जवाब मांगा है। दरअसल इस कदम के जरिए कांग्रेस विधानसभा में फ्लोर टेस्ट होने की स्थिति में बहुमत के आंकड़े को कम करना चाहती है।














Click it and Unblock the Notifications