Gambhira पुल हादसे के बाद अब Hatkeswar की बारी? ₹42Cr की लागत से बना, अब ₹4Cr में हटेगा मलबा
Ahmedabad Hatkeshwar Bridge: गुजरात में पुलों की स्थिति अब बिहार जैसी हो रही है। गुरुवार को वडोदरा का गंभीरा पुल अचानक टूट गया जिसमें 18 लोगों की मौत हो गई और अब अगला नंबर अहमदाबाद के जर्जर हाटकेश्वर पुल का है। इस पुल को तोड़ने का टेंडर 3.90 करोड़ रुपये में हुआ है। अहमदाबाद नगर निगम की स्थायी समिति ने 2017 में 42 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल को गिराने के टेंडर को मंजूरी दे दी गई हैं।
टेंडर को मिली मंजूरी
नगर निगम की ओर से बताया गया कि, पुल को तोड़ने का काम बरसात के मौसम के बाद शुरू किया जाएगा। साथ ही, पुल को तोड़ते समय इस बात का विशेष ध्यान रखा जाएगा कि पुल तोड़ने की वजह से आसपास के क्षेत्र में ट्रैफिक संबंधी कोई परेशानी न हो। अहमदाबाद नगर निगम (एएमसी) की स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन देवांग दानी ने बताया कि जर्जर हाटकेश्वर ब्रिज को ध्वस्त करने के लिए गणेश कंस्ट्रक्शन कंपनी को 3.9 करोड़ रूपए का टेंडर सौंपा गया है।

2017 में हुआ था ब्रिज का उद्घाटन
हाटकेश्वर ब्रिज का निर्माण 2015 में अजय इन्फ्रा कंपनी ने शुरू किया था और 30 नवंबर 2017 को इसका उद्घाटन हुआ था, लेकिन पुल बनने के महज चार साल बाद ही मार्च-अप्रैल 2021 में ब्रिज पर गड्ढे पड़ने लगे, इस स्थिति को देखते हुए हाटकेश्वर ब्रिज को कुछ वक्त के लिए बंद करना गया था। इसके बाद 2022 तक दो से तीन बार ब्रिज की मरम्मत कराई गई।
2022 में R.I.P. हुआ पुल
इसके बाद अगस्त 2022 में स्टेबिलिटी टेस्ट के बाद ब्रिज को जर्जर घोषित कर दिया गया और वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक लग गई थी। टेस्ट रिपोर्ट में कहा गया कि ब्रिज के बीच के छह स्पैन को तोड़ना जरूरी है। तब से ये ब्रिज बिना उपयोग के खड़ा है।
किसने किया भ्रष्टाचार?
बरसात के बाद पुल को गिराने का काम शुरू किया जाएगा। पूरा काम 6 महीने में पूरा होने की उम्मीद है। लेकिन नए पुल के निर्माण को लेकर अभी कोई चर्चा नहीं हुई है। साथ ही अहमदाबाद नगर निगम ने ये नहीं बताया कि आखिर इस भ्रष्टाचार के पीछे कौन है, किसने टेंडर दिया, किसको मिला, किसने घटिया गुणवत्ता का इस्तेमाल किया,किसने इसे अप्रूवल दिया और क्या किसी पर वो कार्रवाई करने वाले हैं? ऐसे कई सवाल हैं जिनके जवाब अभी तक नहीं मिले हैं।
इस खबर पर आपकी क्या राय है, हमें कॉमेंट में बताएं।












Click it and Unblock the Notifications