कांग्रेस का युवा नेता कहता है, हर घर से निकलेगा अफजल: PM मोदी
नई दिल्ली। गुजरात के महिसागर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कांग्रेस पर बड़ा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस के एक युवा नेता कहते हैं कि हर घर से अफजल निकलेगा। पीएम मोदी ने कहा, कांग्रेस का एक स्टार प्रचारक है सलमान निजामी। वो मूलत: कश्मीर का रहने वाला है। वो गुजरात में चुनाव प्रचार करने आया है। वो कहता है हमें आजाद कश्मीर चाहिए। वो कहता है देश की सेना रेपिस्ट है। मां बहनों का बलात्कार करने वाली देश की सेना है। कांग्रेस का ये युवा नेता कहता है कि हर घर से अफजल निकलेगा। जिस आतंकी को हिंदुस्तान में फांसी की सजा हुई उसके बारे में वो कहता है कि हर घर से अफजल निकलेगा। क्या कांग्रेस कहेगी कि हर घर से निकलेगा अफजल? क्या गुजरात की जनता इसे माफ करेगी?'

पीएम मोदी ने कहा कि जिस कांग्रेस को पूरा देश ठुकरा चुका है उसे गुजरात क्यों स्वीकारेगा? देश के लोगों ने कांग्रेस के खिलाफ स्वच्छता अभियान चलाया है। आज देश में कांग्रेस बची ही कहां है। जिस राज्य से उनके दादा, नाना, नानी, पिता, मां चुनाव जीते उस उत्तर प्रदेश से भी आज कांग्रेस साफ हो चुकी है। आज कांग्रेस की पूरे देश में साख खत्म हो चुकी है। इसलिए हताशा में कांग्रेस मोदी को गाली दे रही है।
पीएम मोदी ने कहा कि आज कांग्रेस में इतनी निराशा भर गई है कि वो मोदी को ही गाली दे रही है। पीएम मोदी ने गुजरात की जनता से अपील करते हुए कहा कि मुझे गाली देने वालों पर आप वोट से चोट करिए। कांग्रेस को गुजरात की जनता ही जवाब देगी। पीएम मोदी ने कहा कि आजकल कांग्रेस के एक युवा नेता गुजरात में घूम घूम कर वोट मांग रहे हैं। एक युवा नेता कहता है कि इस देश की सेना बलात्कारी है। ऐसी भाषा क्या कोई दुश्मन के लिए भी बोलता है?
पीएम मोदी ने आगे कहा कि एक कांग्रेस के नेता ने उनसे एक बार पूछा कि मोदी तुम्हारी मां का क्या नाम है, तुम्हारे पिता कौन है। मैं बताना चाहता हूं कि मैं भारत मां का बेटा हूं और जिंदगी भर भारत मां की सेवा करता रहूंगा। पीएम मोदी ने मणिशंकर अय्यर के 'नीच' वाले बयान पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मैं पिछड़ा समाज में पैदा हुआ तो क्या मैं नीच हो गया?
पीएम मोदी ने खुद को गुजरात का बेटा बताते हुए कहा कि आप बताइए ये नरेंद्र मोदी आपको प्रधानमंत्री लगता है या आपके घर का बेटा? मैं आपके हर सुख दुख के समय आपके पास दौड़ा दौड़ा चला आता हूं या नहीं? मैं आपके घर का नरेंद्र मोदी हूं, पीएम नरेंद्र मोदी नही।












Click it and Unblock the Notifications