गुजरात विधानसभा चुनाव 2017: मैदान में 397 करोड़पति प्रत्याशी
नई दिल्ली। गुजरात विधानसभा चुनाव 2017 के दूसरे चरण का मतदान 14 दिसंबर को होना है। चुनाव में उम्मीदवारों के चुनावी हलफनामे का विश्लेषण करने वाले दो गैर सरकरी संगठनों ने बताया कि कुल 397 उम्मीदवार कराड़पति हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) और गुजरात इलेक्शन वॉच (GEW) की रिपोर्ट के मुताबिक दो चरणों में होने वाले विधानसभा चुनाव में कुल 1828 उम्मीदवारों में से 1098 ने या तो बारहवीं कक्षा या उससे भी कम पढ़ाई की है। महिला उम्मीदवारों की कुल संख्या 118 है।

उम्मीदवारों के चुनावी हलफनामे के विश्लेषण के मुताबिक पहले चरण में चुनाव में उतरने वाले कुल 977 उम्मीदवारों में से 198 ने एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति घोषित की है। दूसरे चरण के कुल 851 उम्मीदवारों में से 199 करोड़पति हैं। इस अध्ययन के मुताबिक 397 करोड़पति उम्मीदवार हैं। इन उम्मीदवारों में से 131 ने पांच करोड़ रुपये की संपत्ति की घोषणा की है जबकि 124 अन्य उम्मीदवारों ने दो करोड़ रुपये से पांच करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति घोषित की है। सत्तारूढ़ बीजेपी ने 142 करोड़पति उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है जबकि विपक्षी कांग्रेस की ओर से ऐसे 127 उम्मीदवार हैं।
राकांपा ने 17 करोड़पति उम्मीदवारों को उतारा है जबकि आप के 13 उम्मीदवार और बसपा के पांच उम्मीदवार करोड़पति हैं। रिपोर्ट के मुताबिक 56 निर्दलीय उम्मीदवार भी करोड़पति हैं। सबसे अमीर उम्मीदवार दसकरोई सीट से कांग्रेस के पंकज पटेल हैं। उनकी कुल संपत्ति 231.93 करोड़ रुपये है। उनके बाद दूसरे नंबर पर कांग्रेस के ही राजकोट-वेस्ट सीट से इंद्रनील राजगुरू हैं। उनकी कुल संपत्ति 141.22 करोड़ रुपये है। तीसरे नंबर पर बोटाड सीट से बीजेपी उम्मीदवार सौरभ पटेल हैं। वह गुजरात के पूर्व वित्त मंत्री भी हैं। उनकी कुल संपत्ति 123.78 करोड़ रुपये है।












Click it and Unblock the Notifications