Irrfan Khan Profile: बेमिसाल एक्टर, बिना गॉडफादर के बनाई पहचान, स्कूल की दोस्त से की थी शादी
नई दिल्ली। हिंदी सिनेमा के बेमिसाल एक्टर इरफान खान ने आज दुनिया को अलविदा कह दिया, मंगलवार को कोलन इनफेक्शन के चलते उन्हें मुंबई के अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, इस बीच उनको लेकर तरह-तरह की अफवाहें भी थीं, हालांकि उनकी टीम ने कहा था कि वह स्ट्रॉन्ग हैं और लड़ रहे हैं लेकिन बुधवार को फिल्ममेकर शूजित सरकार ने ट्वीट करके उनके निधन की पुष्टि कर दी है, इरफान का जाना बॉलीवुड के लिए अपूर्णनीय क्षति है।

2018 में इरफान खान को हुआ था कैंसर
भारत में ही नहीं बल्कि विदेशों में भी अपने अभिनय का डंका बजवा चुके बहुमुखी प्रतिभा के धनी इरफान खान को दो साल पहले 'न्यूरो इंडोक्राइन ट्यूमर' नामक बीमारी हुई थी, जिसके इलाज के लिए वो विदेश भी गए थे और लंबे इलाज के बाद उन्होंने वतन वापसी भी की थी और फिल्म ‘अंग्रेज़ी मीडियम' में एक्टिंग भी की थी,उनकी फिल्म पिछले महीने ही रिलीज हुई थी, बता दें कि इरफान खान ने कड़ा संघर्ष करके अपनी फिल्मी दुनिया में अलग पहचान बनाई थी, बिना गॉड फॉदर के इरफान ने साबित किया था कि अगर हौसले बुलंद हो और इरादे नेक, तो कामयाबी जरूर कदम चूमती है।
Recommended Video

इरफान का जन्म 7 जनवरी 1967 को जयपुर को हुआ
इरफान का जन्म 7 जनवरी 1967 को जयपुर, राजस्थान में हुआ था। इनके पिता का नाम साहबजादे यासीन अली खान और मां का नाम सईदा बेगम था। इरफान जब एम.ए. की पढ़ाई कर रहे थे तभी उन्हें नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में पढ़ाई के लिए स्कालरशिप प्राप्त हुई थी। 23 फरवरी 1995 को इरफान ने सुपादा सिकंदर से प्रेम विवाह किया था, जिनसे उन्हें दो बच्चे हैं- बाबिल और आर्यना। सुतापा से इरफान की मुलाकात नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में पढ़ाई के दौरान हुई थी।

बिना गॉडफादर के बनाई पहचान
इरफान ने अपने करियर की शुरूआत टीवी से की, उन्होंने 'चाणक्य', 'भारत एक खोज' जैसे ऐतिहासिक धारावाहिक में काम किया लेकिन उन्हें लोकप्रियता हासिल हुई नीरजा गुलेरी के सुपरहिट सीरयल 'चंद्रकांता' के किरदार 'ब्रदीनाथ' से। इसके बाद इन्होंने फिल्म 'सलाम बाम्बे' से बॉलीवुड में कदम रखा। हालांकि इरफान को बॉलीवुड में कदम जमाने के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी। उन्होंने कई फिल्मों में छोटे बड़े रोल किए लेकिन असली पहचान उन्हें 'मकबूल', 'रोग', 'लाइफ इन अ मेट्रो', 'स्लमडॉग मिलेनियर', 'पान सिंह तोमर, 'द लंचबाक्स' और 'हिंदी मीडियम' जैसी फिल्मों से मिलीा।

पान सिंह तोमर के लिए बेस्ट एक्टर का राष्ट्रीय पुरस्कार
'हासिल' फिल्म के लिये उन्हे वर्ष 2004 का फिल्मफेयर सर्वश्रेष्ठ खलनायक पुरस्कार भी प्राप्त हुआ। इरफान हॉलीवुड में भी एक जाना पहचाना नाम रहा, उन्होंने 'ए माइटी हार्ट,' 'स्लमडॉग मिलियनेयर' और 'द अमेजिंग स्पाइडर मैन' फिल्मों मे भी काम किया। उन्हें 2011 में भारत सरकार द्वारा पद्मश्री से सम्मानित किया गया जबकि साल 2012 में उन्हें 'पान सिंह तोमर' के लिए बेस्ट एक्टर का 'राष्ट्रीय पुरस्कार' मिला।

टॉम हैंक्स ने कही थी बड़ी बात
इरफान की एक्टिंग के बारे में हॉलीवुड के जाने माने अभिनेता टॉम हैंक्स ने कहा था इरफान खान की आंखे भी अभिनय करती हैं, उस पर खुदा की नेमत है, मालूम हो कि चार दिन पहले ही इरफान खान की मां सईदा बेगम का राजस्थान में निधन हो गया था लेकिन कोरोना वायरस को लेकर लागू लॉकडाउन के चलते इरफान अपनी मां के जनाज़े में शामिल नहीं हो सके थे, इन हालातों में वो वीडियो कॉल के ज़रिए मां के अंतिम सफर में शामिल हुए थे।












Click it and Unblock the Notifications