इंडियन साइंस कांग्रेस में वैज्ञानिक का ऐलान, गुरुत्वाकर्षण तरंगों का नाम मोदी तरंगें किया जाएगा
जालंधर। पंजाब की लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में 106वीं भारतीय विज्ञान कांग्रेस (आईएससी-2019) में एक वैज्ञानिक ने न्यूटन और आइंस्टाइन को पूरी तरह गलत बताया है। वहीं गुरुत्वाकर्षण तरंगों का नाम नरेंद्र मोदी तरंगें किए जाने की भी बात कही गई है। इसके साथ-साथ रावण के समय श्रीलंका में एयरपोर्ट होने का दावा भी यहां किया गया है।

'न्यूटन, आइंस्टीन की खोज धोखा'
तमिलनाडु के वर्ल्ड कम्यूनिटी सर्विस सेंटर के वैज्ञानिक कानन जगथला कृष्णन ने साइंस कांग्रेस में न्यूटन और आइंस्टीन की खोजों को खारिज करते हुए उनकी थ्योरी को गलत बताया। उन्होंने कहा कि न्यूटन को गुरुत्वाकर्षण बल की कोई जानकारी नहीं थी। वहीं अपनी सापेक्षता के सिद्धांत के जरिये आइंस्टीन ने दुनिया को सिर्फ धोखा दिया है।

हर्षवर्धन कलाम से भी बड़े वैज्ञानिक
साथ ही उन्होंने दावा किया कि केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री हर्षवर्धन कलाम से भी बड़े वैज्ञानिक हैं। उन्होंने ग्रैविटेशनल लेंसिंग इफेक्ट को हर्षवर्धन इफेक्ट करने का ऐलान तक कर डाला। इसके बाद उन्होंने ग्रैविटेशनल वेब्स को मोदी नरेंद्र मोदी वेब्स किए जाने का भी ऐलान किया।

रावण के पास थे 24 विमान
इंडियन साइंस कांग्रेस में आंध्र यूनिवर्सिटी के कुलपति जी. नागेश्वर राव ने दावा किया कि रावण के पास पुष्पक विमान सहित 24 तरह के विमान थे। उनको उड़ाने और लैंडिंग के लिए श्रीलंका में तब एयरपोर्ट भी थे।
पंजाब के जालंधर में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में तीन जनवरी से सात जनवरी तरक इंडियन साइंस कांग्रेस का आयोजन हो रहा है। इसमें देश विदेश के वैज्ञानिक अपनी बात रख रहे हैं। पांच दिन चली साइंस कांग्रेस में डीआरडीओ, इसरो, डीएसटी, एम्स, यूजीसी, के अलावा विदेशों के कई प्रमुख यूनिवर्सिटी के प्रख्यात वैज्ञानिकों ने हिस्सा लिया है।












Click it and Unblock the Notifications