केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की लोगों से अपील, फेस्टिव सीजन पर फुल वैक्सीनेट लोग ही जाएं सामूहिक समारोह में
नई दिल्ली, सितंबर 03। कोरोना महामारी की तीसरी लहर के खतरे के बीच आगामी फेस्टिव सीजन ने सरकार की चिंता बढ़ा रखी है। पिछले कुछ दिनों के अंदर कोरोना के केस तेजी से बढ़े हैं। ऐसे में सरकार को फेस्टिव सीजन में संक्रमण बढ़ने का डर सता रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को लोगों से अपील करते हुए कहा कि आने वाले त्योहारों को लोग घरों में रहकर ही मनाएं तो बेहतर है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि आने वाले 8-10 हफ्तों में गणेश चतुर्थी, दशहरा, ईद, दिवाली और भाई दूज जैसे बड़े त्योहार हैं, इन त्योहारों पर लोगों की भारी भीड़ देखी जाती है, इसलिए लोगों से हमारी यही अपील है कि घरों में रहकर परिवार के साथ ही इन त्योहारों को मनाईए ताकि संक्रमण अधिक ना फैले।

दूसरी लहर अभी खत्म नहीं हुई है- स्वास्थ्य मंत्रालय
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि त्योहारी सीजन में सामूहिक समारोह में जानें से बचें। साथ ही अगर समारोह में जाना बहुत ही जरूरी है तो वो ही लोग इनमें शामिल हों, जिन्हें वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने चेताया कि देश में अभी कोरोना की दूसरी लहर खत्म नहीं हुई है और पिछले साल भी फेस्टिव सीजन के बाद कोरोना के मामलों में बढ़ोतरी देखी गई थी।

39 जिलों में पॉजिटिविटि रेट 10 फीसदी से अधिक
गुरुवार को केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर 10 मई के बाद से कई राज्यों में पॉजिटिविटि रेट में गिरावट जारी है, लेकिन कुछ राज्य अभी भी ऐसे हैं, जहां पॉजिटिविटि रेट बहुत ज्यादा है और ऐसे राज्य और जिले सरकार के लिए चिंता का विषय बने हुए हैं। राजेश भूषण ने बताया कि पिछले सप्ताह में देश के 39 जिलों का पॉजिटिविटि रेट 10 फीसदी से उपर रहा, जबकि अन्य 38 जिलों में 5-10% की सकारात्मकता दर थी।

जल्द से जल्द वैक्सीनेट हों सभी लोग
इस स्थिति को देखते हुए सरकार ने लोगों से अपील की है कि वो जल्द से जल्द वैक्सीन की दोनों डोज प्राप्त कर लें और उसके बाद भी कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करें। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार रात तक, वैक्सीन की लगभग 700 मिलियन खुराक 514.6 मिलियन लोगों को दी गई, जिसमें 155.2 मिलियन लोगों को पूरी तरह से टीका लगाया गया और 359.4 मिलियन लोगों को एक शॉट मिला।












Click it and Unblock the Notifications