गूगल के डूडल ने दी 'मालगुड़ी डेज' के रचयिता को श्रद्धांजलि
बेंगलौर। 80 का दशक और 'मालगुड़ी डेज' का साथ कुछ अटूट सा था। नई पीढ़ी के लिए भले ही मालगुड़ी डेज सिर्फ एक किताब या टीवी सीरिज हो, लेकिन उस वक्त यह लोगों के जीवन का हिस्सा था। आज उसी मालगुड़ी डेज के रचयिता आर के नारायण का जन्मदिन है। उनके 108वें जन्म दिन के मौके पर गूगल ने डूडल बनाकर आरके नारायण को श्रद्धांजलि दी है।

आर के नारायण अंग्रेजी साहित्य के सबसे महान उपन्यासकारों में गिने जाते हैं। उन्होंने दक्षिण भारत के काल्पनिक शहर मालगुड़ी को आधार बनाकर अपनी रचनाएं की। जो आज भी खासी लोकप्रिय है।
उपन्यास 'गाइड' के लिय उन्हें साहित्य अकादमी पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। जिस पर बॉलीवुड फिल्म भी बनाई गई थी, देव आनंद ने इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभाई थी। इसके अलावा आर के नारायण की इंग्लिश टीचर, डार्क रूम, मिस्टर संपत जैसे अणगिनत उपन्यासों ने उन्हें बुलंदियों तक पहुंचा दिया।
'मालगुड़ी डेज'
'मालगुडी डेज' पर दूरदर्शन ने धारावाहिक बनाया, जिसे दर्शक आज तक नहीं भूले हैं। इस धारावाहिक का 80 के दौर के बच्चों पर गहरा असर पड़ा। धारावाहिक में स्वामी एंड फ्रेंड्स तथा वेंडर ऑफ स्वीट्स जैसी लघु कथाएं व उपन्यास शामिल थे। इस धारावाहिक को हिन्दी व अंग्रेज़ी में बनाया गया था। दूरदर्शन पर मालगुडी डेज़ के कुल 39 एपिसोड प्रसारित हुए। यह धारावाहिक मालगुडी डेज़ रिटर्न नाम से पुनर्प्रसारित भी हुआ। दशकों बाद भी मालगुडी डेज की कहानियां उतनी ही जीवंत और लोकप्रिय हैं, जितनी पहले कभी थी। यही उनकी खूबी है।












Click it and Unblock the Notifications