इस राज्य में कांग्रेस को मिली 'डबल खुशखबरी', 2 पार्टियों ने कर दिया समर्थन का ऐलान
Telangana chunav: मिजोरम, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में चुनावी शोर थमने के बाद अब राजस्थान और तेलंगाना में सियासी हलचल बढ़ गई है। राजस्थान में 25 नवंबर और तेलंगाना में 30 नवंबर को वोट डाले जाएंगे।
इस बीच तेलंगाना विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को एक और पार्टी का साथ मिल गया है। दरअसल, तेलंगाना में एमके स्टालिन की पार्टी डीएमके ने कांग्रेस को समर्थन देने का ऐलान कर दिया है।

मंगलवार को डीएमके की तरफ से आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा गया कि पार्टी ने तेलंगाना विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को समर्थन देने का फैसला लिया है। साथ ही डीएमके ने अपने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की, कि वो प्रदेश की हर सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी को जिताने के लिए काम करें। आपको बता दें कि तमिलनाडु में डीएमके सरकार में कांग्रेस शामिल है। इसके अलावा दोनों ही पार्टियां 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को चुनौती देने के लिए बने विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' का भी हिस्सा हैं।
'कांग्रेस का वोट ना बंटे, इसलिए नहीं लड़ेंगे चुनाव'
गौरतलब है कि डीएमके का ये बयान ऐसे समय में आया है, जब एक दिन पहले ही वाईएसआर तेलंगाना पार्टी ने ऐलान किया कि वो प्रदेश के विधानसभा चुनाव में हिस्सा नहीं लेगी। अपने पार्टी दफ्तर पर मीडिया से बात करते हुए वाईएसआर तेलंगाना पार्टी की अध्यक्ष और आंध्र प्रदेश के सीएम वाईएस जगन मोहन रेड्डी की बहन वाईएस शर्मिला ने कहा कि ये फैसला इसलिए लिया गया है, ताकि कांग्रेस के वोटबैंक में किसी तरह का कोई विभाजन ना हो पाए। उन्होंने कहा कि जब राज्य में सत्ता परिवर्तन के आसार बन रहे हों, तो वे सरकार विरोधी वोटों को बांटकर इसमें रुकावट नहीं बनना चाहती। शर्मिला ने ये भी कहा कि बीआरएस को हराने में कांग्रेस ही सक्षम है।
आपको बता दें कि तेलंगाना विधानसभा चुनाव में त्रिकोणीय मुकाबले के तहत सत्तारूढ़ भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस), कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी मैदान में हैं। 119 विधानसभा सीटों वाले तेलंगाना के लिए 30 नवंबर को वोटिंग के बाद 3 दिसंबर को अन्य चार राज्यों के साथ ही मतगणना होगी।












Click it and Unblock the Notifications