Goa: 'मैं सिर्फ स्लीपिंग पार्टनर था', दिल्ली से हिरासत में लिए गए अजय गुप्ता का क्लब के मालिकों पर बड़ा खुलासा
Goa Nightclub: गोवा के मशहूर क्लब की घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। 'बर्च बाय रोमियो लेन' (Birch by Romeo Lane) नाइट क्लब में 7 दिसंबर को लगी भीषण आग में 25 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इस मामले में कई आरोपियों की तलाश कर रही गोवा पुलिस ने क्लब के को-ओनर अजय गुप्ता को दिल्ली से हिरासत में ले लिया है।
फरार चल रहे अजय गुप्ता को दिल्ली के लाजपत नगर स्थित एक प्राइवेट अस्पताल से हिरासत में लिया गया। वह यहां रीढ़ की हड्डी (Spinal condition) की बीमारी बताकर भर्ती हो गए थे। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद जब गोवा पुलिस उन्हें क्राइम ब्रांच ऑफिस ले जा रही थी, तब मीडिया ने उनसे सवाल किया। अजय गुप्ता ने केवल इतना कहा: 'मैं सिर्फ एक स्लीपिंग पार्टनर (बिज़नेस या फर्म में केवल पैसा लगाने वाला) था और मेरी कोई भूमिका नहीं थी। मुझे क्लब की कमियों के बारे में कुछ नहीं पता था।'

अजय गुप्ता क्लब के चार सह-मालिकों में से एक हैं। पुलिस ने बताया कि उसे गोवा ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड पर लेने की तैयारी चल रही है और आज (बुधवार, 10 दिसंबर 2025) कोर्ट में पेश किया जा सकता है।
क्लब के मालिक देश छोड़कर भागे
हादसे के कुछ ही घंटों बाद क्लब के दो मुख्य मालिक, सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा, देश छोड़कर थाईलैंड के फुकेत भाग गए थे। गोवा पुलिस ने उनके पासपोर्ट रद्द करने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है और उनके खिलाफ इंटरपोल ब्लू कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया है।
पुलिस एफआईआर (FIR) के मुताबिक, क्लब बिना जरूरी परमिशन और लाइसेंस के चल रहा था। साथ ही, आग लगने वाली रात क्लब में फायर शो आयोजित किया गया था, जिसके लिए कोई भी सेफ्टी इक्विपमेंट मौजूद नहीं था।
अजय गुप्ता और लूथरा ब्रदर्स का कनेक्शन
- पिछले साल जारी किए गए जीएसटी सर्टिफिकेट से पता चला है कि अजय गुप्ता, लूथरा भाइयों के साथ क्लब में पार्टनर थे।
- अजय गुप्ता, उत्तरी दिल्ली के जाने-माने बिल्डर अमित गुप्ता के भाई हैं, जिनकी दो साल पहले कथित तौर पर गोगी गैंग ने हत्या कर दी थी।
- अमित की मौत के बाद, अजय गुप्ता ही मार्केट में नामी लोगों के पैसे का हिसाब-किताब देखने और उसे निवेश करने लगे थे।
- लूथरा बंधुओं के क्लब्स में भी अमित और अजय गुप्ता ने बड़ी रकम लगाई थी।
गोवा पुलिस अब अजय गुप्ता से लूथरा बंधुओं के साथ उनके पैसे के लेनदेन के बारे में पूछताछ करेगी। गोवा पुलिस ने इस मामले में एक ब्रिटिश नागरिक सुरिंदर कुमार खोसला सहित अन्य साझेदारों के खिलाफ भी लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया है।












Click it and Unblock the Notifications