गोवा: कांग्रेस ने राष्ट्रपति को लिखा पत्र, बहुमत साबित करने का मांगा मौका
पणजी। गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के स्वास्थ्य को लेकर उठे सियासी संकट के बीच कांग्रेस ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को पत्र लिखकर गोवा में सरकार बनाने का मौका देने की मांग की है। कांग्रेस ने राष्ट्रपति को खत लिखकर बताया कि गोवा में अभी भी उनकी पार्टी सबसे बड़ी पार्टी है और राज्य में जनता के प्रति जिम्मेदारी निभाने को तैयार है। इसके अलावा, कांग्रेस ने पत्र में राष्ट्रपति से गोवा में पर्रिकर सरकार को बर्खास्त कर कांग्रेस को बहुमत साबित करने की मौका देने की मांग की है।

कांग्रेस ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से सोमवार को यह सुनिश्चित करने का अनुरोध किया कि कोई गलत हथकंडा अपनाकर प्रदेश विधानसभा भंग नहीं हो। गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रमुख गिरीश चोडणकर ने अपने ज्ञापन में कोविंद को इस बात से अवगत कराया कि उन्होंने राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश करने के बारे में राज्यपाल मृदुला सिन्हा को कई बार जानकारी दी है। कांग्रेस नेता ने राष्ट्रपति से अनुरोध किया कि वे राज्यपाल का मार्गदर्शन करें जिससे विधानसभा संविधान के नियमों के अनुसार भंग हो और किसी तरह की गड़बड़ी ना हो।
चोडणकर ने अपने ज्ञापन में कहा, हमने राज्यपाल को पत्र सौंपकर कहा था कि हम सरकार बनाने का दावा पेश कर रहे हैं और सरकार बनाने के लिए हमारी पार्टी को न्यौता देने के विकल्प पर विचार किये बिना सदन को भंग करने का फैसला नहीं हो। बता दें कि, कांग्रेस ने शनिवार को मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के इस्तीफा मांग की थी। इसके राज्यपाल से अनुरोध किया था कि, विशेष सत्र बुलाकर पार्टी को बहुमत साबित करने की अनुमति दी जाए।
बता दें कि, 40 सदस्यीय गोवा विधानसभा में कांग्रेस सबसे बड़ा दल है और उसके पास 16 विधायक हैं। जबकि बीजेपी के पास 14 सीटें हैं जिसे महाराष्ट्रवादी गोमंतक पार्टी के 3, गोवा फारवर्ड पार्टी के 3 और 3 निर्दलीय विधायकों का सर्मथन हासिल है।












Click it and Unblock the Notifications