पार्सेकर के CM बनते ही बेटे का चढ़ा पारा, फेसबुक पर कांग्रेस नेता को दी धमकी
पणजी। गोवा के नवनियुक्त मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत पार्सेकर ने अभी-अभी मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाली है, लेकिन उनके बेटे पर अभी से सियासी रंग चढ़ गया है। पार्सेकर के 21 साल के बेटे ऋषि ने सोशल मीडिया को जरिया बनाकर कांग्रेस पर हमला किया है।

ऋषि ने अपने फेसबुक प्रोफाइल पर एक कांग्रेसी नेता को 'अंतिम चेतावनी' दी है। आपको बता दें कि कांग्रेस नेता दुर्गादास कामत ने पार्सेकर पर अपनी विधानसभा क्षेत्र मानड्रेम में गैरकानूनी तरीके से बुलफाइट में मौजूद रहने का आरोप लगाया था। इसी से नाराज होकर ऋषि ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए फेसबुक पर दुर्गादास को अंतिम चेतावनी दे दी है।
ऋषि ने मंगलवार शाम को फेसबुक के जरिए इन आरोपों का जवाब दिया। ऋषि ने लिखा कि प्रिय दुर्गादास कामत, बाकी तस्वीरें भी साझा कीजिए। मैं भी उस जगह खुद देखना चाहता हूं, जहां मैं वास्तव में था ही नहीं। उन्होंने धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए लिखा कि मैं इस तरह की बेहूदा बातें बर्दाश्त नहीं करूंगा। उन्होंने आगे लिखा कि दुर्गादास सही जानकारी जुटाइए, उसके बाद एफबी पर पोस्ट कीजिए।
ऋषि ने इसे आखिरी चेतावनी बताते हुए लिखा कि वो उन्हें अपना असली रूप दिखाने में देर नहीं करेंगे। गौरतलब है कि सीएम के बेटे ऋषि ने अपने फेसबुक प्रोफाइल पर खुद को गायक, संगीतकार और रियल एस्टेट बिजनेसमैन के तौर पर पेश किया है।












Click it and Unblock the Notifications