बीमार चल रहे मनोहर पर्रिकर ने सहयोगी दलों के नेताओं को एम्स बुलाया
मनोहर पर्रिकर ने सहयोगी दलोंके नेताओं को एम्स बुलाया
नई दिल्ली। गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर ने अपनी सरकार में सहयोगी दलों के नेताओं को दिल्ली के एम्स बुलाया है। पर्रिकर का एम्स में इलाज चल रहा है, यहां 12 अक्टूबर को वो सहयोगी दलों के नेताओं के साथ बैठक करेंगे। 15 सितंबर को एम्स में भर्ती होने के बाद से पर्रिकर की अध्यक्षता में यह पहली औपचारिक बैठक होगी। बताया जा रहा है कि पर्रिकर अपने मंत्रिमंडल में फेरबदल करने जा रहे हैं और उसी को लेकर ये बैठक बुलाई गई है।

महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) के नेता सुदीन धवलीकर, गोवा फॉरवर्ड पार्टी (जीएफपी) के नेता विजय सरदेसाई और गोवा में बीजेपी नीत गठबंधन सरकार को समर्थन दे रहे निर्दलीय विधायक गोविंद गावड़े, रोहन खाउंते और प्रसाद गांवकर को बैठक के लिए आमंत्रित किया गया है। ये सभी गोवा में भाजपा के सहयोगी हैं। विधायक गावड़े ने कहा कि बैठक के लिए उन्हें बुलाया गया है लेकिन किस विषय को लेकर ये मीटिंग बुलाई गई है, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।
बीते कुछ महीनों से मनोहर पर्रिकर लगातार बीमार हैं। इसके चलते वो गोवा से भी बाहर हैं। मनोहर पर्रिकर इस साल के शुरुआत में गोवा में एडमिट हुए, उसके बाद काफी समय उनका इलाज मुंबई में चला। बाद में उन्हें इलाज के लिए वे अमेरिका जाना पड़ा, जहां तीन महीने उनका इलाज चला। बीते महीने उन्हें एम्स में भर्ती होना पड़ा था।
भारतीय जनता पार्टी के विधायक और गोवा विधानसभा के उप सभापति माइकल लोबो ने बीते हफ्ते मनोहर पर्रिकर की सेहत में कोई खास सुधार ना होने की बात कही थी। लोबो ने कहा, उनकी सेहत में सुधार नहीं है। ऐसा लगता है कि उन्हें बातें सुनने-समझने में भी दिक्कत हो रही है। हम सभी उनके बेहतर स्वास्थ्य के लिए दुआएं कर रहे हैं मगर उनकी सेहत में सुधार के कोई सकारात्मक संकेत नहीं मिल रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications