GMC चुनाव: BJP की सुनामी में AAP की मासूमा बेगम कितने वोटों से जीतीं? जानिए
गुवाहाटी, 24 अप्रैल: भारतीय जनता पार्टी ने गुवाहाटी निगम चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। निगम की 2 सीटें छोड़कर सत्ताधारी गठबंध ने सारी सीटें जीत ली हैं। वहीं कांग्रेस की हार की फेहरिस्त में जीएमसी चुनाव भी जुड़ गया है, जहां कई वार्ड में प्रत्याशी उतारकर भी पार्टी खाता खोलने तक के लिए तरस गई। उधर कांग्रेस के लिए सबसे बड़ी टेंशन की बात ये है कि पंजाब में उसे सत्ता से बेदखल करने वाली आम आदमी पार्टी ने गुवाहाटी निगम में भी अपना खाता खोल लिया है। उसकी एक उम्मीदवार मासूमा बेगम बीजेपी की लहर के बावजूद चुनाव जीत गई है।

बीजेपी की सुनामी में एएपी की मुस्लिम उम्मीदवार जीती
गुवाहाटी नगर निगम चुनाव में एक सीट जीतकर आम आदमी पार्टी ने रविवार को असम की राजनीति में अपनी एंट्री कर ली है। आम आदमी की पार्टी की मुस्लिम उम्मीदवार मासूमा बेगम ने वार्ड नंबर 42 पर जीत दर्ज की है। इस वार्ड के अंदर बारसजाई, हाटीगांव, नोटबोमा और बांध रोड वाले इलाके आते हैं। इनकी जीत पर आम आदमी पार्टी जश्न में डूब गई है। क्योंकि, गुवाहाटी निगम चुनाव में भाजपा की सुनामी के बावजूद एकमात्र मुस्लिम नेता को निगम में पहुंचाना अरविंद केजरीवाल की पार्टी अपनी बड़ी कामयाबी मान रही है।

60 में से 58 सीटों पर बीजेपी गठबंधन की जीत
इस बीच गुवाहाटी निगम चुनाव में सत्ताधारी भाजपा ने अप्रत्याशित जीत दर्ज करके असम से लेकर दिल्ली तक अपने विरोधियों की टेंशन में और इजाफा कर दिया है। गुवाहाटी निगम के कुल 60 वार्ड में से बीजेपी और उसकी सहयोगी असम गण परिषद (एजीपी) ने 58 सीटें जीत ली हैं। एक पर आम आदमी पार्टी की मुस्लिम प्रत्याशी को जीत मिली है और एक सीट असम जातीय पार्टी (एजीपी) के खाते में गई है। उधर कांग्रेस को एकबार फिर से उसी तरह से हार का मुंह देखना पड़ा है, जैसा कि पिछले कई चुनावों से वह देश के हर हिस्से में देखती आ रही है। चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर के पार्टी में आने की चर्चा के बावजूद अधिकतर वार्ड से उम्मीदवार उतारकर भी कांग्रेस यहां खाता नहीं खोल पाई है।

धन्यवाद गुवाहाटी- पीएम मोदी
गुवाहाटी निगम चुनाव में बीजेपी को 'शानदार जनादेश' देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके वोटरों को धन्यवाद दिया है। उन्होंने ट्वीट किया है, 'धन्यवाद गुवाहाटी! इस प्यारे शहर के लोगों ने असम बीजेपी को विकास के एजेंडा के तहत निर्माण के लिए शानदार जनादेश दिया है। उन्होंने सीएम हिमंत बिस्वा सरमा की अगुवाई वाली राज्य सरकार के कड़े परिश्रम को भी आशीर्वाद दिया है। कड़ी मेहनत के लिए प्रत्येक बीजेपी कार्यकर्ता को मेरा आभार।' उधर मुख्यमंत्री ने भी गुवाहाटी के लोगों को धन्यवाद दिया है। उन्होंने लिखा है, 'जीएमसी चुनावों में बीजेपी और उसके सहयोगियों को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए मैं गुवाहाटी के लोगों के सामने अपना सिर झुकाता हूं। यह विशाल जनादेश देकर लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हमारी विकास यात्रा में अपने भरोसे की मुहर लगा दी है।'(पीएम वाली तस्वीर-फाइल)
32 सौ से ज्यादा वोटों से जीतीं मासूमा
उधर अपनी एकमात्र उम्मीदवार मासूमा बेगम की जीत पर आम आदमी पार्टी भी काफी खुश है। आम आदमा पार्टी असम ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा है, 'जीएमसी चुनाव 2022 में जीएमसी के वार्ड नंबर 42 से हमारी उम्मीदवार मासूमा बेगम की जीत से आम आदमी पार्टी ने शुरुआत की है।.......मासूमा को बधाई।' असम ट्रिब्यून की एक रिपोर्ट के मुताबिक वार्ड नंबर 42 पर मासूमा ने 3,202 वोटों से केजरीवाल की पार्टी के लिए यह कामयाबी हासिल की है।












Click it and Unblock the Notifications