UP News: महाशिवरात्रि पर काशी विश्वनाथ धाम में वैश्विक आध्यात्मिक समन्वय की नई पहल
महाशिवरात्रि के दौरान भारत और विदेश के मंदिरों ने काशी विश्वनाथ धाम को पवित्र चढ़ावा दिया। काशी विश्वनाथ मंदिर ट्रस्ट की पहल का उद्देश्य प्रसाद, पवित्र वस्त्र, जल और श्रद्धापूर्ण उपहारों के माध्यम से सनातन परंपराओं को एकजुट करना और वैश्विक आध्यात्मिक जुड़ाव को बढ़ाना है।
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर काशी विश्वनाथ धाम में एक अभिनव आध्यात्मिक पहल की शुरुआत की गई है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा प्रारंभ इस पहल के तहत देश-विदेश के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों, शक्तिपीठों, सिद्धपीठों और प्राचीन तीर्थस्थलों से पावन प्रसाद, पूजित वस्त्र, रज, पवित्र जल और श्रद्धा-उपहार भगवान विश्वेश्वर महादेव के चरणों में अर्पित किए जा रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य सनातन समाज को एक सूत्र में पिरोते हुए ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को साकार करना और वैश्विक आध्यात्मिक एकात्मता को मजबूत करना है।

शनिवार तक देश-विदेश के कुल 62 मंदिरों से काशी विश्वनाथ धाम में प्रसाद और भेंट प्राप्त हो चुकी है। तमिलनाडु के कई प्रमुख मंदिरों के साथ-साथ मथुरा स्थित श्री कृष्ण जन्मस्थान, जम्मू-कश्मीर के श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड तथा मलेशिया के श्री महा मरिअम्मन मंदिर से भी पावन भेंट काशी पहुंची है।
वाराणसी के अनेक प्राचीन मंदिरों ने भी इस आध्यात्मिक समन्वय में भागीदारी की है। इनमें श्री कालभैरव मंदिर, श्री केदारेश्वर मंदिर, श्री अन्नपूर्णा मंदिर और विशालाक्षी मंदिर सहित अन्य सिद्धपीठों और शक्तिपीठों से भी प्रसाद अर्पित किया गया है।
देश-विदेश के तीर्थस्थलों की सहभागिता
उत्तराखंड से श्री केदारनाथ, मुंबई से श्री सिद्धिविनायक मंदिर और गुजरात से द्वारकाधीश मंदिर सहित कई प्रमुख तीर्थस्थलों से पवित्र प्रसाद और भेंट काशी विश्वनाथ धाम पहुंची है। इन भेंटों में विभिन्न मंदिरों का पवित्र जल, पूजित पुष्पमालाएं, रज, चंदन, वस्त्र और अन्य पूजनीय सामग्री शामिल है।
आध्यात्मिक सेतु के रूप में नई परंपरा
कई मंदिरों से प्रसाद कूरियर के माध्यम से भेजा जा रहा है, जबकि कुछ मंदिरों के प्रतिनिधि स्वयं धाम में उपस्थित होकर भेंट अर्पित कर रहे हैं। यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि देश और विश्व के विविध तीर्थस्थलों के बीच सांस्कृतिक और आध्यात्मिक सेतु के रूप में स्थापित हो रहा है।
मंदिर न्यास की यह पहल सनातन संस्कृति की पारिवारिक समरसता, आध्यात्मिक बंधुत्व और सांस्कृतिक अखंडता का संदेश विश्व पटल पर प्रसारित कर रही है। महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रारंभ हुई यह परंपरा काशी की आध्यात्मिक गरिमा को वैश्विक स्तर पर नई प्रतिष्ठा दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। निश्चित रूप से, यह पहल राष्ट्र और विश्व के तीर्थस्थलों को एक आध्यात्मिक सूत्र में जोड़ने की दिशा में ऐतिहासिक और प्रेरणादायी प्रयास साबित हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications