मोदी की रैली में लोगों को मिसकॉल कर बुलाएगी भाजपा

चार राज्यों में हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा को मिली भारी सफलता के बाद अब पार्टी मोदी की रैली को और हाईटेक बना रही है। इसके लिए पार्टी ने यू-ट्यूब और फेसबुक के अलावा अब लोगों को मिसकॉल के जरिए रैली में आने का न्योता देगी। मोदी के भाषण को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने के लिए करीब 200 लैपटॉप को इंटरनेट से जोड़ा जा रहा है। रैली के जरिए आम लोगों के बीच अपनी नेटवर्किंग मजबूत करने की योजना के तहत पार्टी के रणनीतिकारों की ओर से खाका तैयार किया जा रहा है।
भाजपा के आईटी प्रकोष्ठ से जुड़े लोगों ने अभी से खजुरी में डेरा डाल दिया है। काशी प्रांत के आईटी सेल के सह संयोजक पीयूष वर्धन सिंह ने कहा कि आईटी सेल की पूरी फौज रैली स्थल पर मौजूद रहेगी। सिंह के मुताबिक, रैली में आने वाले लोगों को एक नंबर दिया जाएगा, जिस पर मिसकॉल करने पर उस व्यक्ति की रैली में उपस्थिति दर्ज हो जाएगी और उसके बाद मैसेज के तौर पर एक स्वागत संदेश भी पहुंच जाएगा तथा रैली समाप्त होने पर एक बधाई संदेश भी मिल जाएगा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले प्रदेश में मोदी की चार रैलियां कानपुर, झांसी, बहराइच और आगरा में हो चुकी हैं।












Click it and Unblock the Notifications