GitHub Layoffs: गिटहब ने एक बार फिर बड़े स्तर पर की छंटनी, पूरी भारतीय इंजीनियरिंग टीम को किया बाहर
माइक्रोसॉफ्ट के स्वामित्व वाली इंटरनेट होस्टिंग सेवा प्रदाता गिटहब ने भारत में अपनी पूरी इंजीनियरिंग टीम को निकाल दिया है, जो अमेरिका के बाद कंपनी का दूसरा सबसे बड़ा डेवलपर ग्रुप था।

Microsoft Layoffs: माइक्रोसॉफ्ट में छंटनी का सिलसिला लगातार जारी है। इस बीच अब माइक्रोसॉफ्ट की कंपनी गिटहब ने भारत में अपनी पूरी इंजीनियरिंग टीम को निकाल दिया है, जोकि अमेरिका के बाद इंडिया में कंपनी का दूसरा सबसे बड़ा डेवलपर्स का ग्रुप था। GitHub में छंटनी के कारण लगभग 142 इंजीनियरिंग के कर्मचारियों पर असर पड़ा है। GitHub को Microsoft द्वारा 2018 में वापस अधिग्रहित किया गया था और अक्टूबर 2022 तक कंपनी का रेवेन्यू $1 बिलियन सालाना था।
गिटहब ने 142 इंजीनियरों को कंपनी से निकाला
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, GitHub ने सोमवार, 27 मार्च 2023 को भारत में 142 इंजीनियरों को कंपनी से बाहर का रास्ता दिखा दिया। निकाले गए कर्मचारियों को दो महीने का समय दिया गया है। मामले के एक करीबी स्रोत ने बताया कि हालांकि कंपनी ने आधिकारिक तौर पर छंटनी किए गए कर्मचारियों की संख्या का खुलासा नहीं किया है, लेकिन इस कदम की पुष्टि की है।
गिटहब के सीईओ ने छंटनी को लेकर क्या कहा
गिटहब के सीईओ थॉमस डोहमके ने कर्मचारियों को छंटनी के बारे में बात करने और उपायों को सही ठहराने के लिए एक ईमेल भेजा। ईमेल में लिखा कि, 'हम कई कठिन निर्णयों की घोषणा कर रहे हैं, जिसमें कुछ को अलविदा कहना और नए बजटीय पुनर्गठन शामिल हैं, जो हमारे व्यवसाय की रक्षा के लिए डिजाइन किए गए हैं, साथ ही हमें अपनी दीर्घकालिक रणनीति में निवेश करने की क्षमता प्रदान करते हैं।'
ईमेल में कहा गया कि, 'एआई का युग शुरू हो गया है और हम गिटहब कोपिलॉट के साथ इस बदलाव का नेतृत्व कर रहे हैं, जो अब तक का हमारा सबसे सफल उत्पाद है। हमारे पास एक एकीकृत, एआई-संचालित गिटहब बनाने का एक बड़ा अवसर है।'
कर्मचारियों के प्रदर्शन के आधार पर नहीं की गई छंटनी
इसके अलावा, यह भी बताया गया है कि छंटनी कर्मचारियों के प्रदर्शन के आधार पर नहीं हुई, बल्कि पूरी टीम को निकालने का फैसला लिया गया है। इस फैसले के कारण सैकड़ों इंजीनियरों को प्रभावित किया गया है। दरअसल, यह GitHub में छंटनी का पहला दौर नहीं है। पिछले महीने ही Microsoft के स्वामित्व वाली कंपनी ने लागत में कटौती के लिए अपने कर्मचारियों की संख्या में 10 प्रतिशत कटौती की घोषणा की थी।
माइक्रोसॉफ्ट ने एक साथ 10 हजार कर्मचारियों को निकाला था
इससे पहले खुद माइक्रोसॉफ्ट 10,000 कर्मचारियों को बाहर कर चुकी है। अमेरिका के बाद गिटहब की दूसरी सबसे बड़ी इंजीनियरिंग टीम भारत में ही थी। इस फैसले से 100 से अधिक कर्मचारियों पर असर पड़ेगा। खबरों के अनुसार, कंपनी ने इस मामले में कहा है कि यह फैसला रीऑर्गनाइजेशन प्लान के तहत लिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications