वोट देने के बाद बोले गौतम गंभीर, दिल्ली की परीक्षा काफी कठिन
नई दिल्ली। दिल्ली के दिल में क्या है इसका फैसला आज हो जाएगा। दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी के बीच सीधा मुकाबला है। जिस तरह से आम आदमी पार्टी इस चुनाव को लेकर आश्वस्त है उसने भाजपा की मुश्किलों को बढ़ा दिया है। यहां तक कि खुद भाजपा के सांसद गौतम गंभीर भी इस बात को मानते हैं कि दिल्ली का चुनाव काफी मुश्किलभरा है। गौतम गंभीर ने कहा कि इस चुनाव में हमारी पार्टी ने इस तरह का कोई वादा नहीं किया है जिसे पूरा नहीं किया जा सकता है।

केजरीवाल झूठ फैला रहे हैं
दिल्ली में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के बाद गौतम गंभीर ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने अपना कोई वादा पूरा नहीं किया। अब यह देखना अहम है कि दिल्ली के लोग किसके साथ जाते हैं। भाजपा ने जो भी वादा किया है अवास्तविक नहीं है, उसे हासिल किया जा सकता है। भाजपा ने दिल्ली को लंदन, पेरिस या न्यूयॉर्क बनाने का वादा नहीं किया है, बल्कि हमारी पार्टी दिल्ली के मूलभूत विकास का काम करेगी। गंभीर ने कहा कि हर चुनाव एक परीक्षा होती है और दिल्ली की परीक्षा काफी कठिन है क्योंकि हम ऐसे आदमी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं जो विकास के बारे में झूठ फैला रहा है।

हमे एक मौका मिलना चाहिए
गंभीर ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने जो भी वादा किया था उसे पूरा करने में विफल रहे हैं। भाजपा पिछले 20 साल से सत्ता में नहीं है और उसे काम करने का एक मौका मिलना चाहिए क्योंकि हम सच में दिल्ली के लिए काम करना चाहते हैं। बता दें कि आज दिल्ली की सभी 70 सीटों पर चुनाव हो रहा है। कड़ी सुरक्षा के बीच आज सुबह 8 बजे से लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। शाम 6 बजे तक लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। ऐसे में हर किसी की नजर आज के मतदान पर टिकी है।

कड़ी सुरक्षा के बीच वोटिंग
दिल्ली में भाजपा, आप और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। पिछले विधानसभा चुनाव की बात करें तो आम आदमी पार्टी ने 70 सीटों में से 67 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि भाजपा के खाते में सिर्फ 3 सीटें आई थीं। वहीं कांग्रेस अपना खाता भी नहीं खोल पाई थी। बता दें कि दिल्ली में कुल 1.4 करकोड़ लोग वोट डालने के लिए अर्ह हैं। प्रदेश में कुल 1,47,86,382 वोटर हैं, जिसमे 81,05,236 पुरुष वोटर हैं, वहीं 66,80,277 महिला वोटर हैं। वहीं 869 थर्ड जेंडर के वोटर हैं। कुल 13571 पोलिंग बूथ 2688 जगहों पर बनाए गए हैं। जिसमे से 3141 संवेदनशील पोलिंग बूथ हैं 144 पोलिंग बूथ ज्यादा संवेदनशील हैं। 2,04,830 वोटर्स की उम्र 80 वर्ष से अधिक है, जबकि 147 वोटर्स की उम्र 100 वर्ष से अधिक है।












Click it and Unblock the Notifications