सीएम नवीन पटनायक बोले- कोरोना के खिलाफ जंग में रोल मॉडल बनेगा गंजाम का कोविड मैनेजमेंट
भुवनेश्वर। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने सोमवार को कहा कि गंजाम जिला देश में कोविड-19 प्रबंधन के लिए एक रोल मॉडल होगा। आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गंजाम जिले के सरपंचों के साथ कोविड स्थिति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने जिले में कोरोना वायरस महामारी के प्रबंधन पर अपनी संतुष्टि व्यक्त की। बता दें कि, गंजाम ओडिशा के सबसे अधिक कोरोना जिलों में से एक है।

सीएम नवीन पटनायक ने जिले में वायरस के प्रसार और स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे के कामकाज के लिए उठाए जा रहे विभिन्न कदमों के बारे में चर्चा की। सीएम नवीन पटनायक ने कोरोना के खिलाफ लड़ाई में बखूबी मोर्चे को संभाला और सीधे सरपंचों से फीडबैक लिया। उन्होंने सरपंचों को कोरोना के खिलाफ फैसले लेने की काफी शक्तियां प्रदान की थीं। सीएम ने कहा कि सरपंचों को जिला कलेक्टर की शक्तियां देना महामारी से निपटने में एक गेम-चेंजर साबित हुआ है।
नवीन ने गंजाम में सभी सरपंचों के साथ बातचीत की और ग्राम पंचायत स्तर के कोविड प्रबंधन के लिए उनके काम की सराहना की। कोविड -19 के खिलाफ युद्ध में सबसे आगे रहने वाले सरपंचों ने मुख्यमंत्री के साथ कोविद प्रबंधन में अपने अनुभव साझा किए। बता दें कि गंजाम जिले में राज्य में सबसे अधिक कोरोना प्रभावित मरीज हैं। सक्रिय और रणनीतिक कदम उठाए जाने और सरपंचों सहित स्थानीय प्रतिनिधि को जिम्मेदारियों के कारण मामलों में काफी तेजी से गिरावट देखने को मिल रही है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार राज्य में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 47,455 तक पहुंच चुकी है। अब तक 15,334 मरीज सक्रिय हैं और 31,784 मरीजों को इलाज के बाद अस्पताल से घर भेज दिया गया है। गंजाम में सोमवार को 222 मामले आए। जिनकी पिछले दिनों संख्या अधिक थी। जिले में 10,000 से अधिक लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। इसका सबसे बड़ा कारण परीक्षण, ट्रैकिंग और उपचार पर जोर देने के साथ घातक वायरस के प्रसार को रोकने के लिए बहु-आयामी रणनीति तैयार करना है।












Click it and Unblock the Notifications