अंडरवर्ल्ड डॉन टाइगर मेमन के भाई यूसुफ मेमन की जेल में मौत, मुंबई ब्लास्ट में था हाथ
नई दिल्ली: महाराष्ट्र के नासिक जेल में शुक्रवार को अंडरवर्ल्ड डॉन टाइगर मेमन के भाई यूसुफ मेमन की मौत हो गई। शुरूआती जांच में उसकी मौत की वजह हार्ट अटैक को माना जा रहा है, लेकिन अभी पूरी तरह से इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है। यूसुफ मेमन 1993 में हुए मुंबई ब्लास्ट का अभियुक्त था, जिसे कोर्ट ने 2007 में दोषी ठहराया था। पहले तो वो मुंबई के आर्थर रोड जेल में बंद था, लेकिन 2018 में उसे नासिक जेल में शिफ्ट कर दिया गया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक शुक्रवार सुबह 10.30 बजे यूसुफ मेमन की अचानक तबीयत खराब हुई। जब तक जेल प्रशासन कुछ करता, तब तक उसकी मौत हो गई थी। डॉक्टर प्रारंभिक जांच में उसकी मौत की वजह हार्ट अटैक को मान रहे हैं। घटना के बाद उसके शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की गुत्थी सुलझ पाएगी।
ब्लास्ट में 257 लोगों की हुई थी मौत
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में 1993 में हुए सीरियल ब्लास्ट में 257 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 1400 से ज्यादा लोग इसमें घायल हुए थे। इस ब्लास्ट में दाऊद इब्राहिम, टाइगर मेमन और उनके गुर्गों का हाथ था। धमाकों के तुरंत बाद दाऊद और टाइगर देश छोड़कर भाग गए थे। पुलिस की जांच में मेमन परिवार से चार लोगों के ब्लास्ट में शामिल होने की बात सामने आई थी। जिसमें से याकूब मेमन को नागपुर जेल में पहले ही फांसी दी जा चुकी है, जबकि युसूफ को उम्र कैद की सजा मिली थी। वहीं टाइगर और अयूब मेमन अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।












Click it and Unblock the Notifications