Fuel Price में कटौती के संकेत ! तेल कंपनियों से केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने क्या कह दिया ?
केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने तेल कंपनियों से आग्रह किया है कि अगर वैश्विक कीमतें नियंत्रण में हैं तो भारत में भी ईंधन की कीमतों में कटौती करें।

Fuel Price में लगातार तेजी के बीच केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने रविवार को तेल कंपनियों से भारत में भी तेल की कीमतों को कम करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, अगर अंतरराष्ट्रीय तेल की कीमतें नियंत्रण में हैं और कंपनियों ने अंडर-रिकवरी बंद कर दी है तो भारत में भी तेल कंपनियां कीमतों में कटौती करें।
उन्होंने वाराणसी में एक कार्यक्रम में कहा, 'मुझे उम्मीद है कि अगर अंडर-रिकवरी (या घाटा) खत्म हो जाए तो कीमतें नीचे आनी चाहिए।' यह भी दिलचस्प है कि सरकारी तेल कंपनियां- इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने पिछले 15 महीनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कटौती नहीं की है। अब जब तेल की कीमतें गिर गई हैं तो नुकसान की भरपाई की जा रही है।
केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी के अनुसार, तेल कंपनियों ने कॉर्पोरेट के रूप में जिम्मेदारी से व्यवहार किया। उन्होंने कहा, यूक्रेन पर रूस के आक्रमण के बाद ईंधन की कीमतों में उछाल के बावजूद उपभोक्ताओं पर बहुत प्रभाव नहीं पड़ा। उन्होंने कहा, सरकार ने तेल कंपनियों से कीमतों पर लगाम लगाने के लिए नहीं कहा, लेकिन कपनियों ने खुद कीमतें नियंत्रित रखीं।
Fuel Price पर लाइवमिंट की रिपोर्ट में कहा गया, 24 जून, 2022 को समाप्त सप्ताह में तेल की कीमतों को फ्रीज रखने के परिणामस्वरूप पेट्रोल पर ₹17.4 प्रति लीटर और डीजल पर ₹27.7 प्रति लीटर का रिकॉर्ड तोड़ नुकसान हुआ था। इनपुट कच्चे तेल की कीमतें उस महीने 102.97 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर जून में 116.01 डॉलर प्रति बैरल हो गईं थीं। कीमतें इसी महीने 82 डॉलर प्रति बैरल तक गिरी हैं। हालांकि, तीन ईंधन खुदरा विक्रेताओं ने 6 अप्रैल, 2022 से गैसोलीन और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है।
रिपोर्ट के मुताबिक तीन फर्मों ने कीमतों में बदलाव नहीं करने के परिणामस्वरूप नकारात्मक शुद्ध आय दर्ज की। इस समय इनपुट लागत खुदरा बिक्री कीमतों से अधिक थी। 22,000 करोड़ रुपये की एलपीजी सब्सिडी घोषित थी, लेकिन इसका भुगतान नहीं किया गया। इसके लेखांकन के बावजूद, तेल कंपनियों को अप्रैल से सितंबर तक 21,201.18 करोड़ रुपये का संयुक्त शुद्ध घाटा दर्ज किया।
केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी के मुताबिक सरकार को छह महीने के नुकसान के आंकड़े मालूम हैं और इसकी भरपाई की जानी चाहिए। रिपोर्ट्स के मुताबिक पिछले कुछ वर्षों में वैश्विक बाजार में तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव देखा गया है। 2020 में महामारी की शुरुआत में कीमतें निगेटिव हो गईं थी। 2022 में बेतहाशा उतार-चढ़ाव देखा गया। मार्च 2022 में रूस की सेना ने जब यूक्रेन पर आक्रमण किया उसके बाद, कच्चे तेल की कीमतें 14 साल के उच्च स्तर- लगभग USD 140 प्रति बैरल पर पहुंच गईं। कीमतों में उछाल रूस के शीर्ष आयातक चीन में कमजोर मांग और आर्थिक मंदी के बावजूद हुई।
तेल की कीमतों को किफायती स्तर पर बनाए रखने के लिए केंद्र सरकार के प्रयासों पर जोर देते हुए, केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने कहा, अंतरराष्ट्रीय मूल्य में वृद्धि के बावजूद, सरकार तेल की कीमतों का प्रबंधन कर सकती है, क्योंकि केंद्र ने नवंबर 2021 और मई 2022 में उत्पाद शुल्क कम किए। हालांकि, कुछ राज्य सरकारों ने ऐसा नहीं किया। वैट में कटौती न किए जाने के कारण वहां अभी भी तेल की कीमतें अधिक है।
Recommended Video
पुरी ने कहा, भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा ऊर्जा उपभोक्ता है। देश में घरेलू तेल और गैस की खोज आगे बढ़ रही है। इंपोर्ट करने में किसी एक देश या स्रोत पर निर्भरता कम हो रही है। वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों में बदलाव हो रहे हैं। ऊर्जा सुरक्षा के लिए गैस और हरित हाइड्रोजन का उपयोग किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications