बाबा ने बिजनेसमैन को 12 लाख में बेचा नोट बरसाने वाला तेल और कपड़ा, घर पर लगाया तो हुआ कुछ और
फरीदाबाद। राजधानी दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद में एक फर्जी बाबा ने बिजनेसमैन से 12 लाख रुपए ठग लिए। आप जानकर सन्न रह जाएंगे कि इस बाबा ने तेल और काले कपड़े के खेल का झांसा देकर बिजनेसमैन को 2.40 करोड़ रुपए कमाने का झांसा दिया था। तेल भी कोई ऐसा-वैसा नहीं बल्कि हिरण का तेल। बिजनेसमैन को जब ठगे जाने का अहसास हुआ तो वो पुलिस के पास शिकायत लेकर पहुंचा। मामला क्राइम ब्रांच को सौपा गया है। अब बाबा फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। विस्तार से जानिए पूरा मामला

कॉल पर मिली थी बाबा की जानकारी
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक पीडि़त बिजनेसमैन ग्रेटर फरीदाबाद का रहने वाला है। बिजनसमैन के पास पिछले हफ्ते एक फोन कॉल आई थी। फोन करने वाले ने अलवर (राजस्थान) के काला जादू विशेषज्ञ बाबा के बारे में बताया और नंबर दिया। इसके बाद बाबा ने खुद को काला जादू विशेषज्ञ बताकर बिजनसमैन को अलवर बुलाया।

बाबा ने बिजनेसमैन को नजरबंदी का ऐसा खेल दिखाया कि फिर...
पहले दिन वह गया तो बाबा ने बंद कमरे में अपने पूरे शरीर पर कोई तेल लगाया। इसके बाद एक काला कपड़ा ओढ़कर कुछ देर में हटा दिया। फिर बाबा के शरीर से रुपयों की बारिश होने लगी। नजरबंदी के इस खेल में वह बंधकर रह गया और वहीं करोड़पति बनने का सपना देखने लगा।

फिर समझाया हिरण के तेल का खेल
बिजनेसमैन जब पूरी तरह बाबा के जाल में आ गया तो उसे बताया कि बाबा ने जो तेल शरीर पर लगाया है वो हिरण का तेल है और उसकी कीमत 12 लाख रुपए है। उसे यह भी बताया कि इस तेल से 2.40 करोड़ रुपए बनाए जा सकते हैं। बिजनसमैन ने 12 लाख रुपये देकर फ्रॉड बाबा से हिरण का तेल और काला कपड़ा खरीद लिया। फरीदाबाद लौटकर बिजनसमैन ने अपने घर के एक कमरे में शरीर पर हिरण का कथित तेल मला और काला कपड़ा ओढ़ लिया। वह इंतजार करता रहा, लेकिन रुपयों की बरसात नहीं हुई। तब तक बाबा फरार हो चुका था।












Click it and Unblock the Notifications