विवेक तिवारी हत्याकांड में नई एफआईआर, दोनों आरोपी कांस्टेबल नामजद
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के विवेक तिवारी हत्याकांड में उनकी पत्नी ने गोमती नगर थाने में नई एफआईआर दर्ज कराई है। इस दफा एफआईआर में दोनों आरोपी पुलिस कांस्टेबलों को नामजद किया गया है। अभी तक यूपी पुलिस की एफआईआर में आरोपी को अज्ञात बताया गया था। इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फोन पर विवेक तिवारी के परिवार से बात की है। उन्होंने मृतक की पत्नी से कहा कि सरकार द्वारा परिवार को आवश्यक सभी प्रकार की सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जब भी वे चाहें उनसे मिल सकते हैं।

इससे पहले रविवार सुबह विवेक का अंतिम संस्कार परिजनों ने किया। शनिवार शाम लखनऊ के डीएम कौशलराज शर्मा ने परिवार से मिलकर उनकी सभी मांगे मानी थी और इसका लिखित आश्वासन दिया था। जिसके बाद परिवार ने अंतिम संस्कार की हामी भरी थी।
वहीं, इस मामले को लेकर हरदोई की भाजपा विधायक रजनी तिवारी ने सीएम योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा है। भाजपा विधायक ने पत्र में लिखा है कि, 28 सितंबर की रात को लखनऊ में जो घटना घटी उसने उत्तर प्रदेश पुलिस एवं प्रशासन की छवि को धूमिल करने का काम किया है। इस घटना में लखनऊ के स्थानीय प्रशासन कार्यशैली घोर निंदनीय है।
भाजपा विधायक ने पत्र में लिखा है कि, पुलिस प्रशासन द्वारा मीडिया में अभियुक्त को गिरफ्तार बताया गया, लेकिन अभियुक्त एफआईआर करने पहुंच गया और वहां पर मीडिया के सामने न केवल उपस्थित हुआ बल्कि बयान भी दिया। वहीं, जिलाधिकारी लखनऊ ने तो परिवार के अनुसार धमकाया जो कि बेहद शर्मनाक है इन सब घटनाक्रम से स्थानीय प्रशासन का व्यवहार पक्षपातपूर्ण प्रतीत होता है। पत्र में लखनऊ के जिलाधिकारी और एसएसपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है












Click it and Unblock the Notifications