UNSC की स्थायी सदस्यता के लिए फ्रांस ने किया भारत का समर्थन, कहा- हमारी दोस्ती मजबूत
नई दिल्ली: राफेल लड़ाकू विमान औपचारिक रूप से गुरुवार को भारतीय वायुसेना में शामिल हुआ। इस दौरान अंबाला एयरबेस पर आयोजित कार्यक्रम में फ्रांस की रक्षा मंत्री फ्लोरेंस पार्ली भी मौजूद रहीं। कार्यक्रम के बाद फ्लोरेंस पार्ली ने अपने भारतीय समकक्ष राजनाथ सिंह से बात की। साथ ही उन्होंने यूनाइटेड नेशन सिक्योरिटी काउंसिल (UNSC) में भारत की स्थायी सदस्यता का समर्थन किया। दोनों ने उम्मीद जताई कि भारत-फ्रांस मिलकर नया अध्याय लिखेंगे।

फ्लोरेंस पार्ली ने कहा कि 2020-21 और 2022 में एक सदस्य के रूप में भारत का चुनाव अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा को बढ़ावा देने के अवसर का प्रतिनिधित्व करता है। फ्रांस चाहता है कि भारत भी UNSC का स्थायी सदस्य बने। अभी तक UNSC के पांच स्थायी सदस्य हैं, जिसमें चीन, रूस, फ्रांस, अमेरिका और ब्रिटेन शामिल हैं। भारत इस काउंसिल का अस्थायी सदस्य है। कई बार भारत स्थायी सदस्य बनने वाला था लेकिन चीन ने अड़ंगा डाल दिया।
लंबे वक्त से हिंद महासागर में चीनी गतिविधियां बढ़ रही हैं। सूत्रों के मुताबिक रक्षा मंत्री राजनाथ ने चीनी गतिविधियों के बारे में फ्लोरेंस पार्ली को अवगत कराया। जिसके बाद उन्होंने भी हिंद महासागर में सहयोग बढ़ाने का फैसला लिया है। वहीं बाकी के 31 राफेल विमानों की जल्द डिलीवरी का वादा करते हुए फ्रांसीसी रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत-फ्रांस की दोस्ती मजबूत और समय-परीक्षण है। यह समानता और विश्वास पर आधारित है। उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया कई वर्षों से फ्रांसीसी उद्योगों के लिए एक वास्तविकता है, विशेष रूप से रक्षा उपकरणों के लिए। पार्ली ने कहा कि जब फ्रांस महामारी के मुश्किल दौर से गुजर रहा था, तो भारत ने उसकी मदद की। मैं इसके लिए धन्यवाद देना चाहती हूं और कहना चाहती हूं कि किसी भी मजबूत दोस्ती में, आप हम पर भरोसा कर सकते हैं। हम भी आपकी तरफ ही होंगे।












Click it and Unblock the Notifications