उपचुनाव 2022 रिजल्ट: उपचुनाव में बीजेपी का सूपड़ा साफ, 4 विधानसभा और 1 लोकसभा सीट पर करारी हार
नई दिल्ली, 16 अप्रैल: एक लोकसभा और चार विधानसभा सीटों पर हाल ही में हुए उपचुनावों का परिणाम जारी हो गए हैं। चार विधानसभा सीट पश्चिम बंगाल की बालीगंज, छत्तीसगढ़ की खैरागढ़, बिहार की बोचहां और महाराष्ट्र की कोल्हापुर की तस्वीर साफ हो चुका है। वहीं एक लोकसभा सीट पश्चिम बंगाल की आसनसोल के परिणाम भी आ चुके हैं। इन सीटों पर 12 अप्रैल को मतदान हुआ था। ऐसे में जहां कुछ महीने पहले संपन्न हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने 4 राज्यों में शानदार जीत कर दी थी, वहीं उप चुनाव के रिजल्ट में भाजपा सूपड़ा साफ हो गया। काउंटिंग के दौरान शुरू से पीछे चल रही बीजेपी को सभी विधानसभा सीटों और एक लोकसभा सीट पर हार का सामना करना पड़ा।

पश्चिम बंगाल में टीएमसी की जीत
पश्चिम बंगाल में टीएमसी ने दोनों ही सीटों पर शानदार जीत दर्ज करते हुए बीजेपी को करारी शिकस्त दी है। बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट से जहां टीएमसी उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा ने जीत हासिल की है तो बालीगंज विधानसभा से टीएमसी उम्मीदवार बाबुल सुप्रियो ने पार्टी को जिताया है। वहीं जीत के बाद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि जो हमारे साथ ज्यादतियां हुई हैं, पहले भी EVM का कई जगह खेला होता था, लेकिन इस बार बिना किसी भय और निष्पक्ष चुनाव हुए हैं। ये जीत ममता बनर्जी की है, ये जीत कार्यकर्ताओं और आसनसोल की जनता की है।
महाराष्ट्र के कोल्हापुर में कांग्रेस जीती
वहीं महाराष्ट्र की कोल्हापुर उत्तरी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के परिणामों में कांग्रेस ने जीत हासिल की है। कांग्रेस के उम्मीदवार जयश्री जाधव ने भाजपा के सत्यजीत कदम को हराते हुए सीट अपने नाम की है। जाधव ने सत्यजीत कदम को 18,000 से अधिक मतों के अंतर से हराया है।
छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ में कांग्रेस की जीत
इसके अलावा छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ विधानसभी सीट पर भी कांग्रेस ने कामयाबी हासिल की है। राजनांदगांव जिले की खैरागढ़ विधानसभा सीट पर कांग्रेस की उम्मीदवार यशोदा वर्मा 20166 वोट से जीत गई हैं। उन्होंने बीजेपी के कोमल जंघेल को करारी शिकस्त दी।
आरजेडी के खाते में बोचहां सीट
इधर, बिहार की बोचहां विधानसभा सीट पर आरजेडी ने जीत दर्ज की है। आरजेडी के अमर पासवान ने भाजपा प्रत्याशी बेबी कुमारी को 36,653 वोटों के बड़े अंतर से हराया है।












Click it and Unblock the Notifications