जम्मू और कश्मीर में बढ़ रही आतंकी घटनाओं पर चिदंबरम ने किया केंद्र सरकार पर हमला, कही ये 9 बात
नई दिल्ली। जम्मू और कश्मीर में बढ़ रही आतंकी घटनाओं पर कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार पर टिप्पणी की है। पूर्व वित्त मंत्री पलनिअप्पन चिदंबरम ने ट्विटर पर 9 ट्वीट्स किए हैं। उन्होंने लिखा है कि वक्त वक्त पर हम यह याद दिला रहेहैं कि जम्मू और कश्मीर राज्य को लेकर चिंताएं हैं। चिदंबरम ने लिखा कि इसका आखिरी रिमाइंडर 30 और 31 दिसंबर 2017 को सामने आया था, जब आतंकियों ने CRPF के ट्रेनिंग सेंटर पर हमला किया था जिसमें 5 जवान शहीद हुए थे। चिदंबरम ने लिखा है कि सेना और पुलिस के जवान लगभग हर रोज शहीद हो रहे हैं। क्या सरकार स्पष्टीकरण देगी और यह बताएगी यह सब कब खत्म होगा?

क्या ऐसा हुआ?
चिदंबरम ने लिखा है कि गुजरात में चुनाव के एक दिन पहले शाम को केंद्र सरकार ने दिनेश्वर शर्मा को बतौर विशेष प्रतिनिधि नियुक्त किया लेकिन उद्देश्य़ स्पष्ट नहीं था। संकेत दिए गए विशेष प्रतिनिधि उन सभी से बात करेंगे जो उनसे बात करना चाहते हैं। दावा किया गया था कि इससे आतंक और घुसपैठ पर रोक लग सकती है। क्या ऐसा हुआ?

अटल और मनमोहन को किया जाएगा याद
चिंदबरम ने कहा कि राज्य के मुद्दे पर राजनीतिक समाधान खोजने के लिए लगातार काम करने की आवश्यकता है। चिदबंरम ने कहा कि इस मुद्दे को हल करने के प्रयासों के लिए पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी और पूर्व पीएम डॉक्टर मनमोहन सिंह को हमेशा याद किया जाएगा।

चिदंबरम ने दिए आंकड़े
चिदंबरम ने एक ट्वीट में जम्मू और कश्मीर में साल 2014 से लेकर अब तक हुए आतंकी घटनाओं का एक आकड़ा भी दिया है। जिसके अनुसार साल 2014 में 28 नागरिक, 110 आतंकी मारे गए और सुरक्षा बलों के 47 जवान शहीद हुए। साल 2015 में 17 नागरिक, 108 आतंकी मारे गए और सुरक्षा बलों के 108 जवान शहीद हुए। साल 2016 में 15 नागरिक , 150 आतंकी मारे गए और सुरक्षा बलों के 82 जवान शहीद हुए। वहीं साल 2017 में 40 नागरिक, 206 आतंकी मारे गए और सुरक्षाबलों के 75 जवान शहीद हुए। ये आंकड़े 14 दिसबंर 2017 तक के हैं।

कुछ और कदम उठाए जाएं
उन्होंने कहा कि अभी भी सब कुछ खत्म नहीं हुआ है,मैं बातचीत के फैसले पर सहमत हूं, लेकिन कुछ और कदम उठाए जाने चाहिए। गौरतलब है कि 6 जनवरी को राज्य स्थित बारामुला जिले के सोपोर में हुए एक IED ब्लास्ट में राज्य पुलिस के 4 जवान शहीद हो गए थे। मिली जानकारी के अनुसार इस घटना में 2 नागरिक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

CRPF सेंटर पर हुआ था हमला
इससे पहले आतंकवादियों ने जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में सीआरपीएफ के ट्रेनिंग कैंप पर रविवार की सुबह (31 दिसंबर 2017) करीब दो बजे हमला कर दिया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आतंकवादियों ने ट्रेनिंग सेंटर पर जबरदस्त फायरिंग की। इस हमले में 5 जवान शहीद हो गए और 2 अन्य घायल थे। घंटों बाद सुरक्षाबलों ने 2 आंतकियों को मार गिराया। आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने हमले की जिम्मेदारी ली थी।












Click it and Unblock the Notifications