ममता के करीबी दिनेश त्रिवेदी को मिल रही हैं भाजपा ज्वाइन करने की बधाइयां
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के दौरान पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 18 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की। वहीं, चुनाव परिणाम आने के चंद दिनों बाद 50 पार्षदों और दो टीएमसी विधायकों ने भाजपा का दामन थामकर पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इस बीच ममता बनर्जी के करीबी माने जाने वाले दिनेश त्रिवेदी को भी बीजेपी में शामिल होने की बधाइयां मिलने लगी हैं।

वायरल वीडियो ने बढ़ाई त्रिवेदी की मुश्किलें
तृणमूल कांग्रेस के पूर्व सांसद दिनेश त्रिवेदी का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें वे मेक इन इंडिया और स्वच्छ भारत अभियान जैसी केंद्र की योजनाओं की तारीफ कर रहे हैं। टीएमसी के पूर्व सांसद का ये वीडियो पिछले दो दिनों में वायरल हुआ है जो टीवी चैनल के एक इंटरव्यू का हिस्सा बताया जा रहा है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद दिनेश त्रिवेदी के बीजेपी का दामन थामने को लेकर बधाइयां मिलने लगी हैं।

चार साल पहले का बताया जा रहा वीडियो
एक तरफ, ममता बनर्जी लगातार नरेंद्र मोदी पर हमलावर रही हैं और इसी बीच वायरल हो रहे इस वीडियो के बाद सियासत और भी गरमाने लगी है। वायरल हुए इस वीडियो पर घमासान के बीच त्रिवेदी ने कहा, 'ये वीडियो मैंने भी देखा है जिसे बड़ी चतुराई से अपलोड किया गया है, मैंने नरेंद्र मोदी के केंद्र में सरकार बनाने के एक साल बाद 2015 में ये इंटरव्यू दिया था।'

बीजेपी में शामिल होने के लिए बधाई संदेश मिल रहे
पूर्व सांसद ने टेलीविजन साक्षात्कार में की गई टिप्पणी पर विस्तार से बात करने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, 'यह एक पुरानी क्लिप है। मुझे भी बीजेपी में शामिल होने के लिए बधाई संदेश मिल रहे हैं।' मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, त्रिवेदी इन दिनों दिल्ली में हैं। लोकसभा चुनावों में बैरकपुर सीट पर भाजपा के अर्जुन सिंह ने दिनेश त्रिवेदी को हराया था। लोकसभा चुनावों के नतीजों को लेकर ममता बनर्जी ने 31 मई को टीएमसी की समीक्षा बैठक बुलाई है।












Click it and Unblock the Notifications