पार्टी में उठापटक के बीच सोनिया गांधी से मिले कमलनाथ, अरविंदर लवली ने भी की मुलाकात
नई दिल्ली, 1 अक्टूबर: कांग्रेस में लगातार देखने को मिल रही खींचतान के बीच आज पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कमलनाथ और अरविंदर सिंह लवली से मुलाकात की है। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, राज्य के पूर्व सीएम कमलनाथ और दिल्ली कांग्रेस के नेता अरविंदर सिंह लवली शुक्रवार शाम को 10 जनपथ पर सोनिया गांधी के घर पहुंचे। जहां दोनों नेताओं की पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात हुई।

कमलनाथ और अरविंदर लवली की सोनिया गांधी से ये मुलाकात किस सिलसिले में हुई है। इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आ सकी है। माना जा रहा है कि पार्टी में चल रही उठापटक और उपचुनाव को लेकर ये बैठक हुई है। बता दें कि हाल ही में चुनाव आयोग ने मध्य प्रदेश में उपचुनाव की तारीखों का ऐलान किया है। खंडवा लोकसभा और तीन विधानसभा सीटों पर 30 अक्टूबर को वोटिंग होनी है।
कई राज्यों में पार्टी के भीतर हलचल
पंजाब में कांग्रेस के भीतर लगातार घमासान मचा हुआ है। पंजाब में कांग्रेस ने हाल ही में सीएम बदला है। सीएम पद से हटने के बाद अमरिंदर लगातार कांग्रेस पर हमलावर हैं। वहीं हाल ही में प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिद्धू ने इस्तीफा दे दिया है। ऐसे में राज्य में पार्टी के भीतर लगाचार हलचल है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ में भी टीएस सिंहदेव लगातार सीएम भूपेश बघेल के खिलाफ मोर्चा खोले हए हैं।
जी-23 ने भी बढ़ा रखी है आलाकमान की टेंशन
कांग्रेस के 23 सीनियर नेता, जिनको जी-23 का नाम दिया गया है, भी लगातार पार्टी आलाकमान पर हमले बोल रहे हैं। कपिल सिब्बल समेत जी-23 के नेता कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक बुलाने की मांग कर रहे हैं, वहीं पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता खुलकर इनके खिलाफ उतर गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications