कोच्चि में ALH ध्रुव हेलीकॉप्टर की फोर्स्ड लैंडिंग, बड़ा हादसा टला
केरल के कोच्चि में ALH ध्रुव हेलीकॉप्टर की फोर्स्ड लैंडिंग कराई गई है। इंडियन कोस्ट गार्ड हेलीकॉप्टर की जबरन लैंडिंग की घटना उस वक्त हुए जब पायलट हेलीकॉप्टर का परीक्षण कर रहे थे।

ALH Dhruv Chopper: केरल के कोच्चि में रविवार को इंडियन कोस्ट गार्ड के एएलएच ध्रुव हेलीकॉप्टर (ALH Dhruv Chopper) की आपात लैंडिंग की खबर सामने आई है। इंडियन कोस्ट गार्ड के मुताबिक कोच्चि में एएलएच ध्रुव हेलीकॉप्टर की फोर्स्ड लैंडिंग कराई गई है। हेलीकॉप्ट पर सवार सभी लोग सुरक्षित हैं। जांच के आदेश दिए गए हैं।
रनवे के पास हुआ दुर्घटनाग्रस्त
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक भारतीय तटरक्षक बल का एक ALH ध्रुव मार्क 3 हेलीकॉप्टर आज कोच्चि हवाई अड्डे पर मुख्य रनवे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। सभी चालक दल सुरक्षित हैं। विमान के रोटर और एयरफ्रेम क्षतिग्रस्त हो गए। ICG ने हादसे के कारणों की जांच के लिए जांच के आदेश दिए हैं।
टेस्ट उड़ान के दौरान हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि हादसा उस वक्त हुआ जब कोच्चि में ध्रुव हेलीकॉप्टर की टेस्ट उड़ान की जा रही थी। एएलएच ध्रुव मार्क थ्री टेस्ट उड़ान के दौरान 25 फीट की ऊंचाई पर था। इसी वक्त उसकी इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। अधिकारियों के मुताबिक घटना के बाद आईसीजी एएलएच ध्रुव बेड़े के संचालन को फिर से शुरू करने की दिशा में काम कर रहा है। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
ध्रुव हेलीकॉप्टर्स पर लगी है रोक
एएलएच ध्रुव हेलीकॉप्टर्स के उड़ान भरने पर रोक लगी हुई है, जिसको हटाने के लिए भारतीय तट रक्षक बल काम कर रहा है। बता दें कि इसी महीने मुंबई तट पर एक दुर्घटना के बाद ICG ने एएलएच ध्रुव हेलीकॉप्टरों के उड़ान भरने पर एहतियाती तौर पर रोक लगा दी गई थी। मालूम हो कि कई बार तकनीकी खामियों के चलते हेलीकॉप्टर और विमानों की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ती है।
चीता हेलीकॉप्टर क्रैश, दो पायलट शहीद
इससे पहले 16 मार्च को अरुणाचल प्रदेश में भारतीय सेना का एक चीता हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया था। जिसमें सवार दोनों पायलट शहीद हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए सेना ने कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दे दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications