पाँच दिलेर दुल्हनें जिन्होंने मंडप में दिखाई दिलेरी
क्या दुल्हनों के शर्माने और सब कुछ चुपचाप झेल जाने के दिन चले गए?
हममें से ज़्यादातर लोग जब 'दुल्हन', शब्द सुनते हैं तो आँखों के सामने एक शर्माती हुई लड़की का चेहरा आता है.
पर शायद आगे लिखे किस्से पढ़कर आपके विचार थोड़े बदल जाएंगे. ये हैं भारत की ऐसी दुल्हनें जिन्होंने सामान्य से हटकर कुछ अलग कदम उठाए.
जब दुल्हन बनी 'रिवॉल्वर रानी'
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में दूल्हे को मंडप से उठाकर सुर्खियों में आई 'रिवॉल्वर रानी'. हमीरपुर ज़िला मुख्यालय से क़रीब 70 किलोमीटर दूर मौदहा कस्बे के पद्मनाभन स्कूल में एक शादी ख़त्म होने वाली थी.
दोनों परिवार के रिश्तेदार ही शादी के मंडप में थे. तभी स्कूल कैंपस में एक एसयूवी गाड़ी पहुंची. उससे एक महिला तमंचा लहराती हुई निकली. उसके साथ दो आदमी भी थे.
महिला ने तमंचा दूल्हे के सिर पर सटाकर साथ चलने को कहा.
दूल्हे का कहना था कि वो महिला को पहले से जानता था और उसे अगवा नहीं किया गया था. पूछताछ के बाद दोनों को पुलिस ने जाने दिया.
दुल्हन ले गई बारात
राजस्थान के अलवर ज़िले में 25 साल की जिया शर्मा ने दुल्हन के लिबास में, एक बग्गी पर चढ़ अपनी बारात को शादी के मंडप ले जाने का निश्चय किया.
ऐसे राज्य में जहां लिंगानुपात कम है, वहाँ जिया और उसके पति लोकेश शर्मा ने रूढ़िवादी परंपरा से हटकर सबको दंग कर दिया.
जिया की मामी ने उन दोनों को ऐसा करने का सुझाव दिया. वे बेहरोर में एक स्कूल चलाती हैं और कई वर्षों से औरतों के उत्थान का काम करती आ रही हैं.
दोनों परिवारों ने इसे आपस में सहमति से अंज़ाम दिया.
जब दूल्हे के दोस्तों की शिकायत की
बिहार में रोहतास ज़िले के मंझियावां गांव में दुल्हन ने जयमाला के बाद शादी के मंडप से निकल जाने का फ़ैसला किया.
दरसल दुल्हन का मन तब बदला जब उन्होंने दूल्हे के दोस्तों को शादी में बुरा व्यवहार करते देखा.
दूल्हे के दोस्त एक दूसरे पर खाना फेंक रहे थे, मेहमानों के साथ बुरा व्यवहार कर रहे थे और इससे मेहमानों को ठेस पहुंची.
जब दुल्हन ने दूल्हे से उसके दोस्तों की शिकायत की, तब दूल्हे ने कहा कि वो उसे तो छोड़ सकता है पर अपने दोस्तों को नहीं.
जब दहेज माँगने पर दूल्हे को बंधक बनाया
हरियाणा के पलवल ज़िले के हथीन गाँव में, जब दूल्हे के परिवार ने शादी के दिन दहेज की मांग की, तो दुल्हन ने दूल्हे और उसके भाई को एक रूम में बंद कर दिया.
यह उनके विरोध प्रदर्शन का तरीका था. दूल्हे के परिवार ने और दहेज माँगने के साथ, दुल्हन के परिवार को बेइज़्ज़त किया था.
पंचायत और पुलिस के दख़ल के बाद मामला संभला.
लेकिन पंचायत ने आदेश जारी किया कि दूल्हे के परिवार को दुल्हन को चार बीघा ज़मीन या दस लाख रुपए देने होंगे, वरना दुल्हन अपने ससुराल नहीं जाएगी.
जब ड्रग एडिक्ट से शादी से मना किया
पंजाब के गुरदासपुर में, 22 साल की सुनीता सिंह ने अपने दूल्हे जसप्रीत सिंह को लड़खड़ाते हुए गुरुद्वारे में आते देखा तो वो वहाँ से उठकर पुलिस थाने चली गईं और शादी करने से इंकार कर दिया.
उन्होंने लोकल हेल्थ सेंटर में जसप्रीत की जाँच करानी चाही पर वहाँ जाँच के लिए ज़रूरी उपकरण नहीं थे.
लेकिन सुनीता ने हार नहीं मानी और एक प्राइवेट लैब में कराए टेस्ट से पता चला कि जसप्रीत 'ओपिओइड पेनकिलर्स' के एडिक्ट हैं.
इसके बाद स्थानीय 'रेड क्रॉस डी-एडिक्शन सेंटर' ने सुनीता को उनकी बहादुरी के लिए पुरस्कार देने की घोषणा की.
जब मेहमान से क र ली शादी
मुज़्ज़फ़्फरनगर में दूल्हा और उसका परिवार शादी में मांसाहारी खाना न परोसे जाने पर इतना नाराज़ हुआ कि उसने शादी रुकवा दी.
दूल्हे के परिवार को आश्चर्य हुआ जब उनसे माफ़ी नहीं मांगी गई.
इसके बाद शादी में आए एक मेहमान ने दुल्हन से शादी करने का प्रस्ताव रखा और दुल्हन ने हाँ कह दी.
नए दूल्हे को मेनू के शाकाहारी खाने से कोई आपत्ति नहीं थी.
जब दुल्हन ने दिया तीन तलाक़
सहरसा, बिहार में एक मुस्लिम लड़की ने शादी के तुरंत बाद अपने पति मोहम्मद इक़बाल को तीन तलाक़ के तहत तलाक़ दे दिया.
लड़की ने तलाक़ देने का फैसला तब किया जब लड़की के परिवार को लड़के की शिक्षा पर संदेह हुआ.
मोहम्मद इक़बाल ने लड़की के परिवार को बताया था कि उसके पास बैचलर ऑफ़ एजुकेशन (बी.एड) की डिग्री और खुद का बिज़नेस है.
लेकिन जब उनसे और पूछा गया तो पता चला कि दूल्हा सिर्फ़ दसवीं पास है और उनका ख़ुद का कोई बिज़नेस भी नहीं है.












Click it and Unblock the Notifications