Vande Bharat Sleeper Train: नए साल में देश को मिलेगी पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, जानें कितना है किराया और रुट
First Vande Bharat Sleeper Train: भारतीय रेलवे नए साल 2026 में देश को एक और बड़ी सौगात देने जा रही है। देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन जल्द ही पटरी पर दौड़ती नजर आएगी। रेलवे ने इस हाईस्पीड स्लीपर ट्रेन के रूट, किराया और सुविधाओं का ऐलान कर दिया है।
यह ट्रेन गुवाहाटी से कोलकाता (हावड़ा) के बीच चलाई जाएगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसे हरी झंडी दिखाएंगे। सूत्रों के मुताबिक, वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की शुरुआत 17 या 18 जनवरी 2026 को की जा सकती है। आइए विस्तार से जानते हैं इस नई वंदे भारत का किराया, कुल रूट और इसकी खासियत...

पहली बार वंदे भारत में स्लीपर कोच
अब तक देश में चल रही सभी वंदे भारत ट्रेनों में चेयर कार सीटिंग व्यवस्था थी, जिसमें यात्री बैठकर ही सफर कर सकते थे। लेकिन पहली बार वंदे भारत एक्सप्रेस को स्लीपर कोच के साथ उतारा जा रहा है, जिससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने खुद इस स्लीपर ट्रेन की जानकारी साझा की है। साथ ही ट्रेन के अंदर की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें आरामदायक बेड, मॉडर्न इंटीरियर और आधुनिक सुविधाएं नजर आ रही हैं। अब यात्री वंदे भारत ट्रेन में सोते हुए भी सफर कर सकेंगे।
क्या होगा वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का रूट?
गुवाहाटी से हावड़ा के बीच चलने वाली यह वंदे भारत स्लीपर ट्रेन कुल 10 शहरों को जोड़ते हुए चलेगी। यह ट्रेन कामाख्या स्टेशन (गुवाहाटी) से रवाना होकर कोलकाता के हावड़ा स्टेशन तक पहुंचेगी। इस हाईस्पीड ट्रेन की अधिकतम रफ्तार 180 किलोमीटर प्रति घंटे होगी, जिससे उत्तर-पूर्व भारत और पूर्वी भारत के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में कुल 16 कोच होंगे, जिनमें 11 कोच थर्ड एसी (3AC), 4 कोच सेकेंड एसी (2AC) और 1 कोच फर्स्ट एसी (1AC) का होगा। इस ट्रेन की कुल यात्री क्षमता 823 यात्रियों की होगी। सभी कोच अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे।
कितना है वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का किराया
भारतीय रेलवे ने इस स्लीपर ट्रेन के किराए का भी ऐलान कर दिया है। किराए में खाना शामिल होगा।
- 1AC किराया: ₹3,600
- 2AC किराया: ₹3,000
- 3AC किराया: ₹2,300
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, किराया प्रीमियम सुविधाओं और हाईस्पीड यात्रा को ध्यान में रखते हुए तय किया गया है।
क्या है इसकी खासियत?
भारतीय रेलवे ने हाल ही में इस स्वदेशी तकनीक से बनी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का अंतिम हाई-स्पीड ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा किया है। ट्रायल के दौरान ट्रेन ने 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार हासिल की। इस परीक्षण में राइड क्वालिटी, ब्रेकिंग सिस्टम, इमरजेंसी ब्रेक सेफ्टी और कंट्रोल सिस्टम की पूरी तरह जांच की गई, जिसमें ट्रेन सभी मानकों पर खरी उतरी।
मॉडर्न वॉशरूम और स्मार्ट सुविधाएं
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में अत्याधुनिक टॉयलेट लगाए गए हैं। इनमें सेंसर आधारित नल, बेहतर क्लीनिंग सिस्टम और स्वच्छता बनाए रखने की आधुनिक व्यवस्था की गई है, ताकि यात्रियों को साफ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
इमरजेंसी टॉक-बैक यूनिट
यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में इमरजेंसी टॉक-बैक यूनिट भी लगाई गई है। किसी भी आपात स्थिति में यात्री सीधे ट्रेन मैनेजर या लोको पायलट से संपर्क कर सकेंगे। इसके लिए ट्रेन के अंदर स्पष्ट दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं।
उत्तर-पूर्व भारत के लिए बड़ी सौगात
गुवाहाटी-कोलकाता वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को उत्तर-पूर्व भारत के लिए एक ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। इससे न केवल यात्रा आसान होगी, बल्कि पर्यटन, व्यापार और संपर्क व्यवस्था को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा।












Click it and Unblock the Notifications