गोवा चुनाव के लिए आप ने जारी की उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, बीजेपी से आए दो पूर्व मंत्रियों को भी टिकट
पणजी, 7 जनवरी: आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को आगामी गोवा विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी नेता आतिशी ने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में 10 सीटों पर कैंडिडेट के नामों को ऐलान किया गया है। आप ने भारतीय जनता पार्टी से आए दो पूर्व मंत्रियों को भी टिकट दिया है।

भाजपा से आए अलीना सलदान्हा और महादेव नाइक को आप ने टिकट दिया है। दोनों ही पूर्व में मंत्री रहे हैं। सलदान्हा को कोरटालिम महादेव और शिरोडा विधानसभा सीट से टिकट दिया गया है। भाजपा से आए दो और नेताओं विश्वजीत राणे और सत्यविजय नाइक के नाम भी इस सूची में हैं। विश्वजीत को पोरियम और सत्यविजय नाइक को वालपोई सीट से उम्मीदवार बनाया गया है।
आप ने प्रतिमा कौटिन्हो को नावेलिम, वेन्जी वीगास को बेनौलिम, अमित पालेकर को सांता क्रूज, प्रेमानंद नानोस्कर को डोबोलिम, अभिजीत देसाई को संगुम और डोमनिक गौंकर को क्रटोरिम सीट से उम्मीदवार बनाया है।

सभी सीटों पर लड़ेगी आप
गोवा में इस साल फरवरी-मार्च में विधानसभा का चुनाव हो सकता है। आम आदमी पार्टी ने ऐलान किया है कि वो राज्य में विधानसभा की सभी 40 सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़े करेगी। आप ने गोवा में 2017 का विधानसभा चुनाव भी लड़ा था लेकिन उसे कामयाबी नहीं मिल सकी थी। पार्टी 2017 में एक भी सीट जीतने में असफल रही थी। आप ने 2017 में 39 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, जिसमें से 38 सीटों पर उसके उम्मीदवार अपनी जमानत तक नहीं बचा सके थे।
2017 में कांग्रेस ने जीती थी सबसे ज्यादा सीट
गोवा में 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिला था। राज्य में बहुमत का आंकड़ा 21 सीटों का है, जिस तक कोई दल नहीं पहुंच सका था। इस चुनाव में कांग्रेस ने सबसे ज्यादा 17 सीटें हासिल की थीं। बीजेपी को 13 सीटों पर जीत मिली थी। महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी और गोवा फॉरवर्ड पार्टी ने तीन-तीन, एनसीपी ने एक निर्दलीयों ने 3 सीटें जीती थीं।
कांग्रेस ज्यादा सीट जीतने के बाद भी 2017 में गोवा में सरकार बनाने में कामयाब नहीं हो सकी थी। भारतीय जनता पार्टी के 13 उम्मीदवार जीते थे। जिसके बाद उसने निर्दलियों और दूसरे दलों के सहारे राज्य में सरकार बना ली थी।












Click it and Unblock the Notifications