Crop Insurance: 30 लाख किसानों को फसल बीमा की पहली किस्त, सबसे ज्यादा कहां के किसानों को फायदा?
देश में लाखों किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त के बाद अब प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की राशि की सौगात मिलने जा रही है। इसके लिए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान 11 अगस्त 2025 को दोपहर 12 बजे से राजस्थान के झुंझुनूं के दौरे पर हैं।
झुंझुनूं की हवाई पट्टी पर आयोजित समारोह में केंद्रीय कृषि मंत्री देश में पहली बार 30 लाख से अधिक किसानों को 3200 करोड़ रुपए की फसल बीमा दावा राशि डिजिटल रूप में सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर करने आ रहे हैं।

बता दें कि देश में किसानों को मिल रही फसल बीमा की यह राशि रबी सीजन 2024-25 और खरीफ सीजन 2024 में करवाए गए बीमा के बदले दी जा रही है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी झुंझुनूं दौरे पर हैं।
फसल बीमा योजना से राजस्थान के 7 लाख से ज्यादा किसानों को फायदा होगा। उन्हें बैंक खाते में 1121 करोड़ रुपए मिलेंगे। वहीं, मध्य प्रदेश के किसानों के खाते में 1156 करोड़, छत्तीसगढ़ के किसानों के खाते में 150 करोड़ और 773 करोड़ रुपए की राशि अन्य राज्यों के किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर होगी।
प्रेस नोट में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के अनुसार पीएम नरेंद्र मोदी ने साल 2016 में फसल बीमा योजना की शुरुआत की थी। इसमें अब तक 78 करोड़ से अधिक किसान आवेदन कर चुके हैं। उन्हें 1.83 लाख करोड़ रुपए की क्लेम राशि का वितरण किया जा चुका है। इसमें किसानों ने 35,864 करोड़ रुपए का प्रीमियम दिया है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के अनुसार किसानों के लिए बीमा दावा भुगतान की नई सरल व्यवस्था लागू की गई है, जिसमें राज्यों की प्रीमियम अंशदान राशि का इंतजार किए बिना केंद्र की सब्सिडी पर आनुपातिक रूप से किसानों को दावों का तुरंत भुगतान संभव होगा। खरीफ 2025 से अगर कोई राज्य सरकार अपनी सब्सिडी देने में देरी करती है तो उस पर 12 प्रतिशत की पेनल्टी लगेगी। इसी तरह, बीमा कंपनियों द्वारा भुगतान में देरी करने पर भी 12 प्रतिशत पेनल्टी किसानों को देय होगी।












Click it and Unblock the Notifications